Meter Tampering Investigation: नासिक शहर में बिजली चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महावितरण ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। भद्रकाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत महावितरण के ठाणे स्थित उड़न दस्ते ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसमें कुल 5,53,580 रुपये की बिजली चोरी उजागर (Electricity Theft) हुई है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता राजेंद्र बाल शिर्के ने किया। जांच टीम ने पाया कि रसूखदार इलाकों में भी मीटर से छेड़छाड़ कर विभाग को लाखों का चूना लगाया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अवैध बिजली उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान बिजली चोरी (Electricity Theft) के बेहद चौंकाने वाले तरीके सामने आए हैं। गुलशन कॉलोनी स्थित 'अलतहारो' बंगले के निवासी संदिग्ध अशफाक अहमद सफरुद्दीन शेख ने अपने घर के मीटर में अनधिकृत रूप से तकनीकी छेड़छाड़ की थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर 2023 से 12 नवंबर 2025 के बीच उसने करीब 6000 यूनिट बिजली चुराई, जिसकी कुल कीमत 1,99,380 रुपये आंकी गई है। इसी तरह, पखाल रोड स्थित सायरा अपार्टमेंट की निवासी शाफिनाज अखिल शेख ने पिछले 23 महीनों में मीटर में हेरफेर कर 10,427 यूनिट की चोरी की, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुँचा है।
महावितरण की शिकायत पर भद्रकाली पुलिस ने तीनों संदिग्धों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत गंभीर अपराध दर्ज किए हैं। हालांकि, अपराध की गंभीरता और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए इन मामलों को आगे की गहन जांच के लिए मुंबई नाका पुलिस स्टेशन स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन बिजली चोरियों (Electricity Theft) में विभाग का कोई कर्मचारी या स्थानीय इलेक्ट्रिशियन भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: Nashik TCS Controversy: ऑफिस या ‘धर्मांतरण’ का अड्डा? नमाज और कलमा पढ़ने के लिए कर्मचारी पर दबाव
महावितरण ने इस कार्रवाई के माध्यम से शहरवासियों को कड़ा संदेश दिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मीटर के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, रिमोट कंट्रोल का उपयोग या सीधे तार डालकर बिजली का उपयोग करना एक गंभीर संज्ञेय अपराध है। भविष्य में इस तरह के अभियानों को और अधिक तेज किया जाएगा और संदिग्ध क्षेत्रों में 'सरप्राइज चेकिंग' की जाएगी। महावितरण ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें, अन्यथा पकड़े जाने पर बिजली काटने के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।