मनमाड़: केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती पवार (Dr. Bharti Pawar) की कोशिश आखिर सफल हुई। कोरोना (Corona) के कारण 2 साल से बंद मनमाड़-कुर्ला गोदावरी एक्सप्रेस (Manmad-Kurla Godavari Express) को रेल मंत्रालय ने ग्रीन सिग्नल दे दी है। यह ट्रेन सोमवार, 11 अप्रैल से प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन शुरू किए जाने को लेकर डॉ. भारती पवार ने रेल मंत्री को ज्ञापन देकर गोदावरी एक्सप्रेस (Godavari Express) शुरू कराने की मांगी की थी।
उधर, गोदावरी एक्सप्रेस शुरू किए जाने को लेकर गोदावरी राजा चैरिटेबल ने भी मुंबई हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। उसकी सुनवाई अभी होनी बाकी है। ट्रेन शुरू होने की जानकारी मिलते ही आम यात्रियों समेत रोजाना अप-डाउन करने वाले छात्र, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों ने खुशी व्यक्त की।
मनमाड़ रेलवे स्टेशन से रोजाना चलने वाली पंचवटी एक्सप्रेस की तरह ही गोदावरी एक्सप्रेस मनमाड़, येवला, नांदगांव, लासलगांव, निफाड, नाशिक, देवलाली आदि के यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है।
कोविड के कारण विगत 2 वर्षों से सभी ट्रेनें बंद थी, लेकिन अब कोरोना काबू में आने के बाद लगभग सभी ट्रेनें शुरू हो चुकी हैं, परन्तु गोदावरी एक्सप्रेस शुरू नहीं की गयी थी, जिसके कारण आम यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। गोदावरी एक्सप्रेस शुरू किए जाने को लेकर विभिन्न यात्री संगठनों ने रेलवे अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए, उसके बाद भी ट्रेन शुरू नहीं की गयी थी। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री इसी क्षेत्र से सांसद हैं, जब उन्हें पता चला कि गोदावरी एक्सप्रेस शुरू नहीं होने से यात्रियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं, जब उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर उन्हें न केवल ज्ञापन दिया, बल्कि गोदावरी एक्सप्रेस को तुरंत शुरू करने की मांग की। इसके बाद रेल मंत्री ने गोदावरी एक्सप्रेस शुरू करने का आदेश दिया। अब सोमवार से गोदावरी एक्सप्रेस पटरी पर दौड़ने लगेगी।