Nashik ESIC Cashless Treatment Employee State Insurance: कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत आने वाले हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। नासिक जिले के इगतपुरी स्थित एसएमबीटी अस्पताल और महाराष्ट्र कर्मचारी राज्य बीमा सोसायटी के बीच एक विशेष समझौता हुआ है। इसके तहत अब सभी ईएसआईएस कार्डधारकों और उनके आश्रितों को अस्पताल में सभी द्वितीयक स्तर के इलाज और जांच पूरी तरह से 'कैशलेस' मिलेंगे।
नासिक, इगतपुरी, सिन्नर, कोपरगांव, अकोले, संगमनेर, अहिल्यानगर सहित ठाणे और पालघर के औद्योगिक क्षेत्रों के हजारों श्रमिकों को अब इलाज के लिए मुंबई या पुणे जाने की जरूरत नहीं होगी।
कई आधुनिक सुविधाएं देने की कही गई बात जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, स्त्री रोग व प्रसूति, बाल रोग, अस्थि रोग, ईएनटी, दंत व नेत्र रोग, आईसीयू, रेडियोलॉजी जांच और ब्लड बैंक जैसी अत्याधुनिक सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
इलाज के लिए मरीज के पास वैध ईएसआईएस पहचान पत्र या राष्ट्रीय पहचान पत्र होना अनिवार्य है। मरीजों को एमएच-ईएसआई सोसायटी के संबंधित चिकित्सा अधीक्षक या प्रशासनिक चिकित्सा अधिकारी से आधिकारिक रेफरल पत्र लाना होगा, जो 7 दिनों तक वैध रहेगा।
यह भी पढ़ें:-नासिक जिले के छात्रों के लिए ST की राहत; शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही 28,226 विद्यार्थियों को मिले बस पास
गंभीर स्थिति में मरीज बिना रेफरल पत्र के सीधे अस्पताल में भर्ती हो सकता है। उन्हें केवल अपना ईएसआईएस कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद 24 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारियों से प्रवेश को नियमित करा लिया जाएगा।
इस समझौते से सामान्य कर्मचारियों को भी 25 से अधिक स्पेशालिटी और सुपर स्पेशालिटी सेवाओं का लाभ पूरी तरह कैशलेस मिलेगा। अत्याधुनिक चिकित्सा सेवा को हर व्यक्ति की पहुंच में लाना ही हमारा लक्ष्य है।
-एसएमबीटी, निदेशक (स्वास्थ्य सेवा), सचिन बोरसे