Nashik Car Accident: महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। प्रशासनिक लापरवाही और सड़क के जानलेवा गड्ढों ने दो बेगुनाह युवकों की जिंदगी छीन ली। चांदवाड़-मनमाड मार्ग पर देर रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर बने बड़े गड्ढे का अंदाजा न लग पाने के कारण अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर कार सड़क की दूसरी तरफ बने गहरे नाले में जा गिरी, जिसके चलते कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा चांदवाड़-मनमाड रोड पर देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार में सवार होकर दो युवक अपनी मंजिल की ओर जा रहे थे। अंधेरे में चालक को सड़क पर मौजूद गड्ढे की गहराई और स्थिति का सटीक अंदाजा नहीं मिल सका। जैसे ही कार का पहिया गड्ढे में पड़ा, चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। कार इतनी तेजी से पलटी कि सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा समाई।
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने जब दुर्घटना देखी तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। हालांकि, जब तक राहत कार्य शुरू हुआ और कार को नाले से बाहर निकाला गया, तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान सागर बेदाडे और उनके ड्राइवर के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों में स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चांदवाड़-मनमाड रोड पर बने इन बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायतें की जा चुकी थीं।
यह भी पढ़ें:- एकनाथ शिंदे गुट के 4 मंत्रियों की छुट्टी तय? महाराष्ट्र सरकार में होंगे बड़े फेरबदल, बैठक के बाद मचा हड़कंप
बार-बार शिकायतें दर्ज कराए जाने और हादसों की आशंका जताने के बावजूद प्रशासन ने मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया। लोगों कहना है कि देर रात हुई यह कार दुर्घटना कोई महज हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक घोर लापरवाही का सीधा नतीजा है। यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत करा दी गई होती, तो आज दो बेगुनाह युवकों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती। नासिक पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।