Nashik CATS Passing Out Parade Combat Army Aviation: नासिक के गांधीनगर स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (कैट्स) में बुधवार को सैन्य अनुशासन और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। संस्थान के भव्य दीक्षांत समारोह (पासिंग आउट परेड) में 45वें बैच के 25 जांबाज लड़ाकू पायलटों ने भारतीय सेना की विमानन शाखा में शामिल होकर देश सेवा के लिए खुद को समर्पित कर दिया। समारोह के समापन पर आयोजित लाइव कॉम्बैट प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
'रुद्र' हेलीकॉप्टर द्वारा युद्धभूमि की रेकी के साथ मिशन शुरू हुआ। इसके बाद 'चीता' और 'ध्रुव' हेलीकॉप्टरों ने युद्ध स्तर पर कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त सैन्य बल को रणभूमि में उतारा। 'चेतक' हेलीकॉप्टर द्वारा रसद और हथियारों की आपूर्ति सुनिश्चित की गई और अंत में भारतीय सेना ने दुश्मन के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर तिरंगा फहराया।
इस वर्ष के प्रशिक्षण की सबसे बड़ी विशेषता तीन महिला अधिकारियों की सफलता रही। कैप्टन सृष्टि बंजारी और कैप्टन पूर्वी शुक्ला ने लड़ाकू पायलट के रूप में विंग्स हासिल किए। मेजर कृतिका ने रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट इंस्ट्रक्टर के रूप में अपनी क्षमता का लोहा मनवाया।
यह भी पढ़ें:- नासिक के संजय सोनवणे को सड़क सुरक्षा शोध के लिए मिलेगी मानद डॉक्टरेट; कुंभ मेला 2027 के लिए बनाई विशेष योजना
समारोह को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने कहा कि आधुनिक युद्धों की चुनौतियों के लिए पायलटों को तकनीकी रूप से हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेलीकॉप्टर का कॉकपिट नेतृत्व का असली केंद्र है, जहाँ पायलट द्वारा लिया गया हर एक फैसला मिशन की सफलता के लिए निर्णायक होता है।