Nandurbar Toranmal Zipline Incident Video: महाराष्ट्र के दूसरे सबसे प्रसिद्ध और बड़े हिल स्टेशन तोरणमल (नंदुरबार जिला) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। तोरणमल के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट 'सीताखाई पॉइंट' पर एडवेंचर राइड का आनंद ले रहे एक पर्यटक की सांसें उस वक्त अटक गईं, जब तकनीकी खराबी के चलते जिपलाइन (Zipline) अचानक हवा में ही रुक गई।
पर्यटक लगभग 3,500 फीट गहरी भयानक खाई के ठीक ऊपर लटक गया, जिससे वहां मौजूद अन्य सैलानियों और परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
हिल स्टेशन तोरणमल घटना की सूचना मिलते ही जिपलाइन पर मौजूद प्रशिक्षित और सतर्क स्टाफ ने बिना एक पल गंवाए त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिपलाइन ऑपरेटर खुद केबल के सहारे हवा में फंसे हुए पर्यटक तक पहुंचा और बहुत ही सावधानी व कुशलता से उसे सुरक्षित किनारे तक खींचकर ले आया।
राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू कर लिए जाने से पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित है और एक बड़ा व भयानक हादसा होने से टल गया। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- मुंबई पुनर्विकास घोटाला: 42.96 करोड़ की कथित धोखाधड़ी की जांच EOW के हवाले, 24 आरोपी रडार पर
तोरणमल प्रशासन और पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, सीताखाई पॉइंट पर पर्यटकों के आकर्षण के लिए यह जिपलाइन सेवा कुछ ही समय पहले शुरू की गई थी। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर एडवेंचर टूरिज्म में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की गुणवत्ता, मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले कर्नाटक के दांदेली स्थित एक रिजॉर्ट में भी जिपलाइन का सेफ्टी लॉक टूटने से एक पर्यटक 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया था, जिससे उसके हाथ-पैर में कई गंभीर फ्रैक्चर आए थे।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पर्यटकों ने एडवेंचर स्पॉट्स पर उपकरणों के नियमित सेफ्टी ऑडिट और कड़े नियम लागू करने की मांग की है।