SECR Nagpur Rail Infrastructure: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित 49.50 किमी लंबे वडसा-गड़चिरोली नए ब्रॉडगेज रेल मार्ग का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है।
वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रेल पटरी आरमोरी तक बिछा दी गई। सोमवार 21 सितंबर को वडसा से आरमोरी सेक्शन में सीआरएस सुमित सिंघल और मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की उपस्थिति में निरीक्षण और स्पीड ट्रायल लिया गया जो सफल रहा।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुदित भटनागर समेत अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी भी मौजूद रहे। इसी ट्रायल के साथ आजादी के बाद पहली बार गड़चिरोली जिले में ट्रेन की पहुंच संभव हो सकी है, जंगलों और ग्रामीण इलाकों के बीच पहली बार ट्रेन का ट्रायल होते ही आरमोरी सहित पूरे गड़चिरोली जिले के निवासियों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत गड़चिरोली जिले में करीब 1,886 करोड़ की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना में केन्द्र और राज्य की 50-50 प्रतिशत भागीदारी है। इस रूट पर वडसा, कुरुड, आरमोरी, पालोरा, ठाणेगांव, वासाला, इंजेवारी, देऊलगांव, आकापुर, किटाली और चुरमुरा स्टेशन होंगे।
यह परियोजना कान्हा-नवेगांव-नागझिरा-इंद्रावती टाइगर कॉरिडोर और वन क्षेत्र से गुजरने के कारण पर्यावरणीय मंजूरियों व भूमि अधिग्रहण जैसी कई चुनौतियों से घिरी रही। ट्रायल के बाद सीआरएस द्वारा सुझाये गये कुछ सुधारों के बाद यहां से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकेगा।
इस ऐतिहासिक परियोजना से गड़चिरोली से नागपुर जिला व अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय खनिज, स्टील और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास के नए अवसर खुलेंगे।
वडसा, कुरुड, आरमोरी, पालोरा, ठाणेगांव, वासाला, इंजेवारी, देऊलगांव, आकापुर, किटाली और चुरमुरा जैसे ग्रामीण व वन क्षेत्रों से गुजरने वाली यह रेल लाइन जिले के विकास का मुख्य आधार बनेगी, रेलवे द्वारा वडसा को गोंदिया से पहले ही जोड़ा जा चुका है।
ऐसे में वडसा-गड़चिरोली रेल लाइन को परिचालन के लिए हरी झंडी मिलते ही गड़चिरोली भी सीधे तौर पर गोंदिया जिला के माध्यम पूरे देश के रेलवे नेटवर्क से जुड़ जायेगा। वर्तमान में गड़चिरोली जिला महाराष्ट्र के उन प्रमुख जिलों में शामिल है। जहां अभी तक रेल नेटवर्क का सीधा विस्तार नहीं हुआ था। इससे जिले को पहली बार ब्रॉडगेज रेल सुविधा मिलेगी।