Highlights
एनवीसीसी के ज्ञापन के बाद ट्रैफिक डीसीपी आदित्य मिर्खेलकर ने व्यस्त बाजारों का निरीक्षण किया।
इतवारी, महल, गांधीबाग और शहीद चौक सहित प्रमुख इलाकों में शाम 4 से रात 9 बजे तक पुलिस तैनाती की मांग की गई।
मिडल रिंग रोड पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और स्कूल वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताई गई।
फ्लाईओवरों के जटिल मोड़ों पर सिग्नल और शहर के सिग्नलों में सिंक्रोनाइजेशन लागू करने के सुझाव दिए गए।
DCP Aditya Mirkhelkar Itwari Gandhibagh Traffic Jam: नागपुर जिले में बढ़ रही ट्रैफिक समस्याओं, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और त्योहारों के सीजन में व्यस्त बाजारों में लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
एनवीसीसी के प्रतिवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक डीसीपी मिर्खेलकर ने पुलिस अधिकारियों और चैंबर पदाधिकारियों के साथ प्रमुख व व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।
त्योहारों को देखते हुए इतवारी, महल, गांधीबाग बगीचा, शहीद चौक, तीन नल चौक, टांगा स्टैंड चौक, डागा अस्पताल चौक आदि क्षेत्रों में शाम 4 से रात 9 बजे तक पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की। उन्होंने वाठोडा घाट चौक पर स्कूल बस में लगी आग का हवाला देते हुए अवैध गैस किट पर चल रहीं स्कूल वैनों व बसों की नियमित जांच पर जोर दिया।
15 अक्टूबर को एनवीसीसी के प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी आदित्य मिर्खेलकर से उनके कार्यालय में मुलाकात कर शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु ज्ञापन सौंपा था।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के रामअवतार तोतला, हेमंत सारडा, राजवंतपाल सिंह तुली, राकेश गांधी, सलीम अजानी, अभय अग्रवाल, सूरज सिंह ठाकुर शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ीं कई गंभीर समस्याओं को उठाया।
गांधीबाग स्थित जैन भवन में स्थानीय व्यापारिक संगठनों व क्षेत्र के व्यापारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। डीसीपी मिखेलकर ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अल्पकालिक व दीर्घकालिक कदमों पर चर्चा की। नारायण तोष्णीवाल, अनीस खान, कमल किशोर सारडा, बलराम काकवानी, मनोहरलाल आहुजा, जुगल शर्मा उपस्थित थे।
तुली और गांधी ने ईंधन बचाने और यातायात सुचारु करने के लिए शहरभर के सिग्नलों पर 'सिग्नल सिंक्रोनाइजेशन लागू करने का सुझाव दिया। साथ ही अशोक चौक, पारडी-कलमना और शांति नगर फ्लाईओवरों के जटिल मोड़ों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत सिग्नल लगाने का आग्रह किया।
सुझावों को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी आदित्य मिर्खेलकर ने तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया, वादे के मुताबिक डीसीपी मिर्खेलकर ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर अजय मानकर के साथ खुद मैदान में उतरे।
उन्होंने अध्यक्ष स्वप्निल अहिस्कर तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ गांजाखेत चौक, गोलीबार चौक, भारत माता चौक, मस्कासाथ चौक, किराणा ओली, शहीद चौक, सराफा बाजार, टांगा स्टैंड, नंगा पुतला और तीन नल चौक जैसे अति व्यस्त इलाकों का पैदल दौरा कर ट्रैफिक स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
तोतला ने ध्यान आकर्षित कराया कि मिडल रिंग रोड पर स्थित स्कूलों, मंदिरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास दोपहर व शाम को अभिभावक, ऑटो, वैन व स्कूल बस चालक खुलेआम रॉन्ग साइड गाड़ियां चलाते है।
उन्होंने मिडल रिंग रोड के सभी सिग्नलों को सुबह 7 से रात 10 बजे तक चालू रखने और प्रत्येक चौक पर कम से कम दो ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की।
सारडा ने सीए रोड स्थित हल्दीराम डे-टू-डे के सामने हटाए गए डिवाइडर के पास दोनों ओर स्पीड ब्रेकर लगाने, शास्त्री नगर व कुम्हार टोली चौक पर सिग्नल या स्पीड ब्रेकर देने की माग की। साथ ही शहर में अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा की जांच का मुद्दा भी उठाया।