ऑनलाइन राखी स्कैम (सोर्स: गुगल जेमिनी)
नागपुर

रक्षाबंधन पर भूलकर भी न करें ये गलतियां, कैशबैक-फ्री वाउचर के लालच में होगा नुकसान, साइबर सेल की चेतावनी

Raksha Bandhan Cyber Fraud: रक्षाबंधन के त्योहार पर ऑनलाइन ठगी का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। साइबर जालसाज फ्री वाउचर, कैशबैक और संदिग्ध APK फाइलों के जरिए बैंक खातों पर सेंध लगा रहे हैं।

वेदांत जोशी

Nagpur Cyber Police Warning On Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर बहन के लिए खास तोहफा खरीदने की तैयारी है? ऑनलाइन मिलने वाला कोई आकर्षक ऑफर आपको जरूरत से ज्यादा सस्ता नजर आ रहा है? तो सावधान हो जाइए।

त्योहार की खुशियों के बीच साइबर जालसाज भी सक्रिय हैं और लोगों की भावनाओं, जल्दबाजी तथा सस्ते ऑफर के लालच को हथियार बनाकर बैंक खातों में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को ऐसे संदेशों, लिंक और ऑनलाइन ऑफर्स से सतर्क रहने की सलाह दी है। साइबर सेल भी ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है, ताकि रक्षाबंधन के दौरान लोग ठगी का शिकार न हों।

एक क्लिक और बैंकिंग जानकारी खतरे में

साइबर अपराधी व्हाट्सऐप और एसएमएस के जरिए आकर्षक ग्रीटिंग और त्योहार से जुड़े संदेश भेज रहे हैं। इनमें ‘रक्षाबंधन ग्रीटिंग APK’ या ‘फेस्टिवल गिफ्ट APK’ जैसी फाइलें शामिल हो सकती हैं। ऐसी संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल और उसमें मौजूद संवेदनशील जानकारी खतरे में पड़ सकती है।

जालसाज फर्जी शॉपिंग वेबसाइट बनाकर भी राखी और गिफ्ट के नाम पर ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं। वेबसाइट असली जैसी दिखाई देती है, लेकिन भुगतान करने के बाद न तो सामान मिलता है और न ही पैसा वापस आता है।

कैशबैक के लालच में QR कोड न स्कैन करें

‘रक्षाबंधन स्पेशल कैशबैक’, ‘फ्री गिफ्ट वाउचर’ या सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लिंक भेजे जा रहे हैं। कई मामलों में QR कोड स्कैन करवाकर या फर्जी UPI रिक्वेस्ट भेजकर रकम निकालने की कोशिश की जाती है।

इसके अलावा, रिश्तेदार या करीबी बनकर अचानक पैसे मांगना भी ठगों का पुराना लेकिन प्रभावी तरीका है। आपात स्थिति बताकर तुरंत पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाता है। ऐसे में पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर पहचान की पुष्टि करना जरूरी है।

ऑनलाइन के चक्कर में न पड़ें

राखी व्यापारी विराग संघवी ने ग्राहकों को बाजार से खरीदारी करने की सलाह दी। उनका कहना है कि लगातार सामने आ रहे साइबर फ्रॉड को देखते हुए ग्राहकों को ऑनलाइन खरीदारी के लालच में पड़ने के बजाय बाजार में आकर सामान खरीदना समझदारी है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि अनजान लिंक न खोलें, संदिग्ध APK डाउनलोड न करें, UPI PIN किसी के साथ साझा न करें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर QR कोड स्कैन न करें।त्योहार की खुशी में थोड़ी-सी सावधानी बैंक खाते को बड़ी ठगी से बचा सकती है।

विश्व के मशहूर क्लाइमेट साइंटिस्ट जेम्स हानसेन की चेतावनी, इसलिए इतिहास का सबसे गर्म साल बनेगा 2026

EPF Withdrawal Rules 2026: फॉर्म 15G और 15H की जगह आया फॉर्म 121, जान लें नए नियम और पात्रता की शर्तें

ओबीसी 27 प्रतिशत आरक्षण मामले में मोहन सरकार की बड़ी तैयारी! दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल से मिले सीएम डॉ. यादव

फेस्टिवल के बीच UPI यूजर के लिए बड़ी खबर, MDR लागू करने का फैसला टला; जल्द आएगी नई तारीखें

भारत में प्रदर्शन के पीछे इस्लामी ताकतें! अमेरिकी पत्रकार ने दी चेतावनी, लाखों डॉलर की फंडिंग का दावा