नागपुर में ऑपरेशन नो रॉन्ग साइड शुरू सोर्स: सोशल मीडिया
नागपुर

Operation No Wrong Side: नागपुर में रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की स्ट्राइक, 2 दिनों में 79 FIR दर्ज

Operation No Wrong Side In Nagpur: नागपुर ट्रैफिक पुलिस ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ ऑपरेशन नो रॉन्ग साइड अभियान शुरू किया है। पुलिस ने 2 दिनों में 79 एफआईआर दर्ज की हैं।

आकाश मसने

FIR on Wrong Side Driving In Nagpur: नागपुर शहर की सड़कों पर यातायात नियमों को ताक पर रखकर रॉन्ग साइड में वाहन चलाने वाले लापरवाह चालकों के खिलाफ नागपुर ट्रैफिक पुलिस ने अपना शिकंजा कस दिया है। शहर में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और खतरनाक ट्रैफिक उल्लंघनों को रोकने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन नो रॉन्ग साइड शुरू किया है।

नागपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत बीते 48 घंटों में रिकॉर्डतोड़ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाने वाले 79 वाहन चालकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 व 125 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

ऑपरेशन नो रॉन्ग साइड के तहत दो दिनों में 79 FIR दर्ज

ट्रैफिक विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, ऑपरेशन नो रॉन्ग साइड के तहत दो दिन में 79 FIR दर्ज की गई है। इसमें शनिवार को 48 मामले और रविवार को 31 मामले दर्ज किए गए। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नागपुर शहर के उन वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है जो अक्सर चंद मिनटों की बचत या शॉर्टकट के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं।

जोन वाइज रिपोर्ट: सोनेगांव विभाग में सर्वाधिक एफआईआर

नागपुर शहर भर के विभिन्न ट्रैफिक जोन में चलाई गई इस विशेष मुहिम के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से उल्लंघनकर्ता पकड़े गए। आंकड़ों के अनुसार, सोनेगांव ट्रैफिक जोन में सबसे ज्यादा लापरवाह चालक हत्थे चढ़े।

  • सोनेगांव जोन: 2 दिनों में सर्वाधिक 17 एफआईआर

  • लकड़गंज जोन: 11 मामले दर्ज

  • पारडी जोन: 11 मामले दर्ज

  • सीताबर्डी जोन: 08 मामले दर्ज

  • सक्करदरा जोन: 08 मामले दर्ज

इसके अलावा अन्य व्यस्त चौराहों और उड़न पुलों के पास भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहे और नियम तोड़ने वालों के सीधे चालान काटने के साथ मामले दर्ज किए।

रॉन्ग साइड ड्राइविंग बड़ा खतरा

डीसीपी नागपुर ट्रैफिक आदित्य मिरखेलकर ने कहा कि गलत दिशा में वाहन चलाना महज यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं है बल्कि इससे अचानक आमने-सामने की टक्कर होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी दुर्घटनाओं में गंभीर चोट लगने के साथ ही जान जाने का भी खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ जीरो टॉलरेस की नीति अपनाई है।

डीसीपी आदित्य मिरखेलकर ने बताया कि नागपुर शहर के सभी ट्रैफिक जोन में यह कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है जहां वाहन चालक बार-बार गलत दिशा में वाहन चलाते पाए जाते हैं।

शॉर्टकट के लिए जोखिम न उठाएं

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात की निर्धारित दिशा के विपरीत वाहन न चलाएं। लेन अनुशासन और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें तथा कुछ दूरी बचाने के लिए गलत दिशा का सहारा न लें।

नागपुर पुलिस ने वाहन चालकों से स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। खतरनाक यातायात उल्लंघनों के खिलाफ सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर की सड़कें सभी के लिए सुरक्षित बनाई जा सकें।

झमाझम बारिश से थमी दिल्ली-NCR की रफ्तार! घुटनों तक जलभराव, IMD का रेड अलर्ट, उड़ानों पर भी पड़ा असर

अगर प्रशासन चाहता तो न उजड़ता कुणाल का परिवार! पहले भी हो चुके हैं 13 सुसाइड, जानें खवड्या पहाड़ी का खौफनाक सच

राहुल गांधी का महाराष्ट्र पर फोकस, पुणे के बाद अब नासिक का रुख, 2 सितंबर को प्रशिक्षण शिविर को करेंगे संबोधित

ऑपरेशन सिंदूर के बाद वीजा रद्द, महीनों अटकी रहीं शादियां; अब 150 पाकिस्तानी दुल्हनों की भारत में हुई एंट्री

CM विजय के परिसीमन बयान के बीच SC के जस्टिस केएम जोसेफ की बड़ी चेतावनी, बोले- दक्षिण के वोट का मूल्य घटेगा