Highlights:
नरखेड़ तहसील के जलालखेड़ा सहित करीब 17 गांवों में वर्धा नदी का पानी मोड़े जाने से लंबे समय से जलसंकट बना हुआ है।
विधायक चरण सिंह ठाकुर ने वर्धा नदी का निरीक्षण कर पुराने पुल के पास बांध निर्माण को मंजूरी दी और अधिकारियों को काम शुरू करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित बांध के आसपास करीब एक किलोमीटर तक नदी की गहराई बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
Wardha River Dam: वर्धा नदी का पानी मोड़े जाने के कारण जलालखेड़ा सहित नरखेड़ तहसील के करीब 17 गांवों में पानी की समस्या गंभीर हो गई है। पिछले कई वर्षों से चली आ रही इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक चरण सिंह ठाकुर से गुहार लगाई थी।
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहे नए पुल के समीप डैम निर्माण की मांग रखी थी। इस पहल को ठाकुर ने मंजूरी दी। इस हिसाब से क्षेत्र में 2 बांध बनाए जाएंगे। फलस्वरूप काफी हद तक जलसंकट से निजात मिलेगी।
ग्रामीणों की मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक चरण सिंह ठाकुर ने गुरुवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ वर्धा नदी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुराने पुल के पास डैम निर्माण को मौके पर ही मंजूरी दी। साथ ही अधिकारियों को बिना देरी किए काम शुरू करने के निर्देश दिए, प्रस्तावित डैम के आसपास करीब एक किलोमीटर तक नदी की गहराई बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
भूजल स्तर में भी होगा सुधार जलालखेड़ा में वर्धा नदी पर डैम बनने से मानसून के दौरान बहकर जाने वाले पानी का संचयन किया जा सकेगा। इस पानी का उपयोग सिंचाई और पेयजल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।
इसके अलावा नदी में पानी रुकने से आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर बढ़ने की संभावना है। इससे किसानों को खेती के लिए पानी का बेहतर विकल्प मिलेगा, वहीं नागरिकों और पशुओं को भी राहत मिलेगी। जल उपलब्धता बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 30 वर्षों से लंबित पानी की समस्या के समाधान की दिशा में विधायक ठाकुर ने त्वरित्त पहल की। ग्रामीणों ने उनके तत्काल निर्णय लेने और मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश देने की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व सरपंच मयूर सोनोने, प्रवीण लोहे, उकेश चव्हाण, उपविभागीय अधिकारी काटोल पीयूष चिनवाडे, कुलदीप हिवरकर, मनोज खुटे, राजेश खेडकर, साजिद पठान, पवन कलम्बे, कैलास चौधरी, प्रताप वानखड़े, उस्नूप निकम, मोतीराम बारापात्रे, अंकेश खंडेलवाल, प्रवीण पुरोहित, प्रशांत देशमुख, गोपाल बारापात्रे, इशांत बैंडे सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
डैम निर्माण से जलालखेड़ा सहित मोवाड़ से खरगड तक के लगभग 17 को पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने के साथ ही नागरिकों और पशुओं के लिए भी जलसंकट कम होगा। विधायक की इस पहल से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
विधायक चरण सिंह ठाकुर के प्रयासों से नरखेड़ तहसील में दो महत्वपूर्ण स्थानों पर डैम निर्माण की पहल की गई है, इनमें जाम नदी पर भारसिगी और वर्धा नदी पर जलालखेड़ा में डैम बनाया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में जलसंचयन को बढ़ावा मिलेगा तथा भविष्य में किसानों और ग्रामीणों को पानी की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद हैं।