Highlights:
नागपुर के शांतिनगर स्कूल परिसर की तीनों इमारतों में शांतिनगर पुलिस स्टेशन संचालित हो रहा है।
पुलिस विभाग ने तीनों इमारतों को एक रुपये के नाममात्र शुल्क पर स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की मांग की थी।
मनपा ने 9 दिसंबर 2018 से 8 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए 2,47,17,262 रुपए का किराया बकाया बताया है।
Nagpur Shantinagar Police Station: नागपुर मनपा के स्वामित्व वाली शांतिनगर स्कूल की इमारतों में चल रहे शांतिनगर पुलिस स्टेशन को लेकर मनपा प्रशासन द्वारा बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पुलिस विभाग द्वारा स्कूल की तीनों इमारतों को महज 1 रुपए के नाममात्र शुल्क पर स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की मांग की गई थी।
इस पर मनपा ने साफ किया है कि किसी भी नए समझौते से पहले पुलिस विभाग को 9 दिसंबर 2018 से 8 मार्च 2027 तक का लंबित किराया 2.47 करोड़ रुपए चुकाना होगा। इसके बाद ही महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 79 के तहत 30 वर्ष के पट्टे पर जमीन देने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकेगी। शुक्रवार को होने जा रही मनपा की आम सभा में इस प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मुहर लग पाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार शांतिनगर स्कूल परिसर की तीनों इमारतें पुलिस विभाग के कब्जे में हैं जिसके एवज में मनपा ने 9 दिसंबर 2018 से 8 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए 2,47,17,262 रुपए का बकाया बिल जारी किया है। हालांकि पुलिस विभाग की तरफ से अब तक इस राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
इमारते खाली करने के बजाय पुलिस विभाग ने तीनों इमारतों को नाममात्र 1 रुपए के शुल्क पर स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की मांग कर दी। इस पर नगर रचना और संबंधित विभागों से परामर्श के बाद सर्वसाधारण सभा के सामने नया प्रारूप रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार स्थायी रूप से हस्तांतरित करने के बजाय कुल क्षेत्रफल 6337.1 वर्गमीटर में से स्कूल परिसर की इन इमारतों को 30 साल की लीज पर नाममात्र । रुपए प्रति वर्गफुट की दर से देना उचित माना गया है।
शुरुआत में शिक्षण विभाग के 20 अप्रैल 2013 के अभिप्राय के बाद स्थायी समिति के प्रस्ताव और मनपा प्रस्ताव के तहत 9 मार्च 2016 से 97,195 रुपए प्रति माह की दर पर 11 महीने के अस्थायी पड़े पर यह जगह पुलिस स्टेशन को दी गई थी जिसकी मियाद 8 फरवरी 2017 को समाप्त हो गई।
इसके बाद पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) के अनुरोध पर 2017-18 के रेडीरेकनर दरों के अनुसार 1,00,589 रुपए प्रति माह की दर से 11 महीने का 11,06,479 रुपए किराया वसूल कर 8 जनवरी 2018 तक विस्तार दिया गया, इसके उपरांत मनपा ने 20 अप्रैल 2018 के तहत 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर 9 जनवरी 2018 से 8 दिसंबर 2018 तक अंतिम बार 11 महीने की मुदत बढ़ाई और यह स्पष्ट शर्त रखी थी कि भविष्य में कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा।