Nagpur Police Search Operation: नागपुर सिटी की 16 स्कूलों और जिलाधिकारी कार्यालय समेत 19 स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को सुबह से ही पुलिस अलर्ट मोड पर थी। स्कूलों के सामने पुलिस का बंदोबस्त तैनात करने के साथ ही सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
31 अगस्त को बम धमाके की धमकी के मद्देनजर पुलिस ने संबंधित स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों द्वारा अचानक छुट्टी घोषित करने से फिर पालकों में हड़कंप मच गया। विगत 18 अगस्त को स्कूलों में बम धमाके होने का ईमेल भेजा गया था।
बताया गया कि वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) के जरिए पेरिस और बांग्लादेश से ईमेल भेजे गए। सोमवार को कुछ स्कूलों में बीडीडीएस द्वारा जांच की गई। स्कूलों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिसर, कक्षाओं और आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच की। कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से पुलिस और स्कूल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सोमवार सुबह स्कूल नियमित रूप से शुरू हुए थे। धमकी की खबर फैलने के बाद नागपुर शहर के अन्य स्कूलों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों ने सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच विद्यार्थियों को छुट्टी घोषित कर दी। अचानक छुट्टी किए जाने से कई स्कूल परिसरों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा गया। अचानक सूचना मिलने से कई अभिभावकों को अपने कामकाज के बीच से स्कूल की ओर दौड़ लगानी पड़ी।
कुछ अभिभावक कार्यालय में थे तो कुछ काम के सिलसिले में बाहर थे। उन्हें तत्काल व्यवस्था कर स्कूल पहुंचना पड़ा। वहीं स्कूल बस और वैन चालकों तक छुट्टी की सूचना समय पर नहीं पहुंचने से कई विद्यार्थी अभिभावकों के पहुंचने तक स्कूल में ही रुके रहे।
31 अगस्त की धमकी को देखते हुए पुलिस ने रविवार रात से ही संबंधित स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ा दी थी। पुलिस किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठाना चाहती, इसीलिए स्थानीय पुलिस थानों को स्कूलों और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा रात के समय स्कूलों के सामने 'फिक्स पॉइंट' भी लगाए गए हैं। नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्कूल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।