नए वाहनों को शुभारंभ करतीं मेयर नीता ठाकरे (फोटो: नवभारत) 
नागपुर

नागपुर मनपा के बेड़े में शामिल हुए 34 नए वाहन, तंग गलियों में भी पहुंचेगी फायर ब्रिगेड, कचरा गाड़ियों और पोकलेन

Nagpur News: नागपुर मनपा ने शहर की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए 6 मिनी फायर टेंडर, 25 नए कचरा वाहन और आधुनिक पोकलेन मशीनों को हरी झंडी दिखाई। अब संकरी गलियों में भी राहत पहुंचेगी।

आकाश मसने

NMC 34 New Vehicles: नागपुर शहर के बढ़ते विस्तार और पुरानी बस्तियों की तंग गलियों की चुनौतियों को देखते हुए महानगर पालिका ने अपनी आपातकालीन और नागरिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बना लिया है। सोमवार को मनपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में महापौर नीता ठाकरे ने 6 नए 'मिनी फायर टेंडर', 25 कचरा संकलन वाहन और नालों की सफाई के लिए 3 पोकलेन मशीनों को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया।

संकरी गलियों में अब समय पर पहुंचेगी मदद

नागपुर शहर का क्षेत्रफल लगभग 227 वर्ग किलोमीटर है और शहर का विस्तार तेजी से हो रहा है। कई इलाकों में रास्ते इतने संकरे हैं कि आग लगने की स्थिति में बड़े अग्निशमन वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते, जिससे जान-माल की हानि का खतरा बना रहता है। इस बाधा को दूर करने के लिए वर्ष 2024-25 के बजट से लगभग 6 करोड़ 7 लाख 38 हजार 258 रुपये की लागत से 2000 लीटर क्षमता वाले 6 नए 'मिनी फायर टेंडर' खरीदे गए हैं। इन वाहनों का निर्माण सोलापुर की मेसर्स देवी फायर सर्विस द्वारा किया गया। अब शहर के पास कुल 10 मिनी फायर टेंडर हो गए हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में तत्काल सेवा देना संभव होगा।

जुर्माने की राशि से खरीदे गए 25 कचरा वाहन

शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 25 नए 'डोर टू डोर' कचरा संकलन वाहन भी बेड़े में शामिल किए गए हैं। इन वाहनों की खरीद कचरा संकलन करने वाली कंपनियों बीवीजी और एजी पर लगाए गए 4,47,09,271 रुपये के जुर्माने की राशि से की गई। इनमें से 20 वाहन ज़ोन 1 से 5 के लिए और 5 वाहन ज़ोन 6 से 10 के लिए आवंटित किए गए, जो पुराने वाहनों की जगह लेंगे।

मानसून पूर्व नाला सफाई की तैयारी

आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनें मंगवाई गई हैं। इसमें बड़े नालों के लिए 25 टन की एक 'लॉन्गबूम' और छोटी नालियों की सफाई के लिए 5 टन व 3.5 टन की दो पोकलेन मशीनें शामिल हैं। महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि मनपा प्रशासन नागपुरवासियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सदैव कटिबद्ध है।

इस अवसर पर नागपुर की उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बारहाते और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ। गजेंद्र महल्ले सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Delhi Protest: राहुल गांधी की याचिका पर कल SC में सुनवाई, दिपके का 16 अक्टूबर को CP जाने का ऐलान

OBC आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किए बिना हो पंचायत चुनाव, हाईकोर्ट के आदेश के बाद सरकार के पास क्या विकल्प?

इंडिया गेट पहुंचे राहुल गांधी, धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के परिवार से कर रहे मुलाकात

अभिजीत दिपके का बड़ा ऐलान, 16 अक्टूबर को दिल्ली में फिर जुटेंगे कॉकरोच; CP में फहराएंगे तिरंगा

तिरंगा लहराना कब से अपराध हुआ? CJP नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के आदित्य ठाकरे, केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला