मनपा चुनाव (सौजन्य-सोशल मीडिया, कंसेप्ट फोटो) 
नागपुर

मनपा चुनाव: 'सेब' से लेकर 'बिस्किट' तक लगेगी मुहर, निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए जारी 194 चुनाव चिन्ह

Nagpur Municipal Elections: नागपुर मनपा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए 194 चुनाव चिन्ह। सेब, बिस्किट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तक विकल्प। जानें कैसे होगा आवंटन।

प्रिया जैस

Nagpur NMC Election Symbols List: महानगर पालिका के आम चुनाव की पृष्ठभूमि में नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू है। राष्ट्रीय और राज्य स्तर के राजनीतिक दलों के लिए चुनाव चिन्ह तो निश्चित हैं, किंतु इस चुनाव में उतरने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए राज्य चुनाव आयोग ने 194 मुक्त चुनाव चिन्ह उपलब्ध कराए हैं। इन चिन्हों में रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं तक की विस्तृत शृंखला शामिल की गई है।

खाने-पीने की चीजों का बोलबाला

चुनाव आयोग द्वारा जारी सूची में खाद्य पदार्थों से संबंधित चिन्हों की भरमार है। उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार सेब, बिस्किट, पाव, केक, ढोंगली मिर्च, फूलगोभी, नारियल, गन्ना, अदरक, अंगूर, हरी मिर्च, कटहल, भिंडी, मक्का, मूंगफली, मटर, नाशपाती, अनन्नास, तरबूज, अखरोट और भोजन की थाली जैसे चिन्ह चुन सकते हैं। इसके अलावा वाहन और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के चिन्ह भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं।

मतदातों के ध्यान में रहता है चुनाव चिन्ह

चुनाव आयोग के अनुसार चुनाव चिन्हों का महत्व इसलिए अधिक है क्योंकि मतदाता अक्सर उम्मीदवार का नाम भूल जाते हैं, लेकिन चिन्ह उनकी याददाश्त में बना रहता है, जिससे मतदान करना आसान हो जाता है। ये मुक्त चिन्ह निर्दलीय उम्मीदवारों और गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए हैं। राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त दलों के लिए उनके सुरक्षित चिन्ह यथावत रहेंगे और उन पर यह मुक्त सूची लागू नहीं होगी।

416 गैर मान्यता प्राप्त दल

चुनाव आयोग के पास 416 गैर मान्यता प्राप्त लेकिन पंजीकृत दल हैं, जिन्हें ये स्वतंत्र चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए आवेदन करते समय तीन मुक्त चिन्हों का उल्लेख करना अनिवार्य किया गया है। चिन्हों के आवंटन में एक विशिष्ट क्रम का पालन किया जाएगा।

गठबंधन को प्राथमिकता

  • गठबंधन/फ्रंट को प्राथमिकता : मुक्त चिन्हों के आवंटन में गठबंधन या फ्रंट को निर्दलीय उम्मीदवारों की तुलना में प्राथमिकता दी जाएगी।
  • लॉटरी सिस्टम : यदि एक ही चिन्ह के लिए एक से अधिक दावेदार (गठबंधन या फ्रंट) सामने आते हैं, तो पारदर्शी तरीके से पर्ची (चिट्ठी) निकालकर फैसला किया जाएगा।
  • निर्दलीय उम्मीदवारों का क्रम : गठबंधन को आवंटन के बाद बचे हुए चिन्ह निर्दलीय उम्मीदवारों को उनकी प्राथमिकता के आधार पर दिए जाएंगे।

2 जनवरी तक नामांकन वापसी

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 2 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। इसके तुरंत बाद चुनाव चिन्हों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी और 3 जनवरी 2026 तक उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति और उनके चिन्ह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे।

दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, परिसीमन बिल पास कराने की तैयारी!

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

कांग्रेस का चलो दिल्ली कार्यक्रम टला, 26 नवंबर के लिए नया प्लान; अब क्या करने जा रहे राहुल गांधी?

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO