नागपुर मेयो हॉस्पिटल सोर्स: सोशल मीडिया
नागपुर

नागपुर के मेयो अस्पताल का होगा कायाकल्प, 11 मंजिला नई इमारत में मिलेंगे 500 बेड

Nagpur Mayo Hospital: नागपुर के मेयो अस्पताल में 11 मंजिला मेडिसिन विंग का निर्माण जारी। 500 नए बेड मिलेंगे, कुल क्षमता 1,300 के पार होगी। दिसंबर 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेयो) में नया मेडिसिन विंग बन रहा है।

  • नई इमारत कुल 11 मंजिला होगी और इसमें 500 बेड की व्यवस्था रहेगी।

  • अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,300 के पार पहुंचने का अनुमान।

  • दिसंबर 2027 तक नया अस्पताल तैयार करने का लक्ष्य।

  • 400 छात्र क्षमता वाला 8 मंजिला नर्सिंग कॉलेज और 180 छात्रों का हॉस्टल भी बनेगा।

Nagpur Mayo Hospital Upgradation: नागपुर के इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेयो) के अपग्रेडेशन कार्य को गति मिली है। यहां 11 मंजिला नया मेडिसिन विंग बनाया जा रहा है, जिसमें 500 बेड की व्यवस्था होगी। इससे अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,300 के पार पहुंच जाएगी। दिसंबर 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा नया नर्सिंग कॉलेज, हॉस्टल और खेल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

नागपुर के मेयो अस्पताल का होगा कायाकल्प

नागपुर शहर, इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी) यानी मेयो के अपग्रेडेशन कार्य को गति मिल गई है। अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नया मेडिसिन विंग कुल 11 मंजिला होगा। इस इमारत में 500 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके तैयार होने के बाद मेयो अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,300 के पार पहुंच जाएगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी और अस्पताल पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। नई इमारत दिसंबर 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

11 मंजिला होगी नई इमारत

निर्माणाधीन मेडिसिन विंग के पहले चरण में 7 मंजिलों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 4 मंजिलों की स्लैब का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद शेष निर्माण कार्य पूरा कर इमारत में 4 अतिरिक्त मंजिलें बनाई जाएंगी। इस तरह पूरी इमारत 11 मंजिला होगी। इसमें आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ 500 बेड उपलब्ध कराए जाएंगे।

1,300 के पार होगी बेड क्षमता

नए अस्पताल के निर्माण से मेयो की स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। वर्तमान में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल पर दबाव रहता है। 500 अतिरिक्त बेड उपलब्ध होने से अधिक मरीजों को भर्ती कर उपचार देना संभव होगा। इसके साथ ही स्नातकोत्तर (पीजी) की सीटें बढ़ाने का रास्ता भी साफ होने की उम्मीद है।

चार परियोजनाएं पूरी

मेयो के अपग्रेडेशन के तहत कई अन्य निर्माण कार्य भी पूरे किए गए हैं। इनमें किचन, लॉन्ड्री और स्टोर बिल्डिंग सहित चार परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, इनफार्मेशन बिल्डिंग को सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मेयो प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया है। अस्पताल परिसर में अन्य विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

400 छात्रों की क्षमता वाला नर्सिंग कॉलेज

मेयो में वर्षों बाद नर्सिंग कॉलेज को अपनी स्वतंत्र इमारत मिलने जा रही है। इसके लिए 400 विद्यार्थियों की क्षमता वाली 8 मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही 180 छात्रों की क्षमता वाला बॉयज नर्सिंग हॉस्टल भी बनाया जा रहा है। छात्राओं के हॉस्टल की क्षमता 324 बताई गई है। इन सुविधाओं से नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्था मिलेगी।

खेल सुविधाओं का भी होगा विकास

अस्पताल परिसर में विद्यार्थियों और निवासी डॉक्टरों के लिए खेल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का काम मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि आउटडोर स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में है। इससे विद्यार्थियों और डॉक्टरों को पढ़ाई एवं ड्यूटी के साथ शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

ओपीडी विस्तार और पार्किंग पर भी काम

मेयो अस्पताल में ओपीडी के विस्तार के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा मेडिकल वेस्ट के निपटारे की व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग के लिए भी काम किया जा रहा है। पार्किंग निर्माण का काम करीब 25 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से मेयो अस्पताल का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और मरीजों के साथ डॉक्टरों तथा कर्मचारियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में