मंडप जलने की प्रतीकात्मक फोटो (एआई फोटो) 
नागपुर

Nagpur Crime News: प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी का खौफनाक कदम, शादी के मंडप पर फेंका पेट्रोल बम

Jilted Lover Attack: नागपुर के मानकापुर में प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने विवाह मंडप पर पेट्रोल बम फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और सुरक्षा के बीच युवती की शादी संपन्न कराई।

गोरक्ष पोफली

Lover Throws Petrol Bomb At Wedding: उपराजधानी के मानकापुर इलाके में एक सरफिरे प्रेमी द्वारा शादी के मंडप पर पेट्रोल बम फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवती की दूसरी जगह शादी तय होने से बौखलाए युवक ने इस घातक वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, मेहमानों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और युवती का विवाह शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

तीन साल पुराना प्रेम संबंध

जानकारी के अनुसार, आरोपी सायमन एब्रो (23), जो वर्तमान में मार्टिननगर का निवासी है, तीन साल पहले गोदावरीनगर में रहता था। वहीं उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाली 21 वर्षीय युवती से हुई। धीरे धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। जब युवती के परिवार को इस संबंध का पता चला, तो उन्होंने विरोध किया और सायमन को युवती से दूर रहने की चेतावनी दी।

शादी तय होते ही भड़का गुस्सा

परिजनों के दबाव के कारण कुछ समय के लिए दोनों अलग हुए, लेकिन जल्द ही फिर से संपर्क में आ गए। बेटी को सायमन से अलग न होते देख, पिता ने आनन-फानन में रिश्तेदारी के ही एक युवक से उसकी शादी तय कर दी। घर वालों ने युवती पर सख्त पहरा लगा दिया ताकि वह सायमन से न मिल सके। जैसे ही सायमन को शादी की खबर मिली, वह आपा खो बैठा।

मंडप पर हमला और हंगामा

शादी वाले दिन सायमन अपनी बाइक से युवती के घर पहुँचा। वहाँ सजे हुए मंडप को देखकर वह गाली-गलौज करने लगा। उसने युवती के पिता से विवाद किया और चिल्लाते हुए पूछा, मेरे रहते हुए तुमने उसकी शादी कहीं और कैसे तय कर दी?

हंगामे के बीच, सायमन अपने साथ लाई गई पेट्रोल से भरी बोतल निकाली, जिसमें उसने पहले से ही कपड़े की बाती लगा रखी थी। उसने आग जलाकर पेट्रोल बम को सीधे शादी के मंडप की ओर फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से समारोह में अफरा तफरी मच गई। सौभाग्य से, वहाँ मौजूद मेहमानों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पा लिया, जिससे टेंट या किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुँचा।

सुरक्षा के बीच संपन्न हुई शादी

घटना की सूचना मिलते ही मानकापुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हरीश कलसेकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी सायमन को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने डरे हुए परिवार को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अगले दिन युवती की शादी धूमधाम और शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने और विस्फोटक पदार्थ के इस्तेमाल से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल