Nagpur SBL Company Blast: नागपुर जिले के काटोल तालुका के राउलगांव में स्थित एसबीएल कंपनी में रविवार सुबह करीब 7 बजे जोरदार धमाका हुआ।
बताया जा रहा है कि यह कंपनी गनपाउडर, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री का निर्माण करती है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
नागपुर पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 18 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। इलाके में गुस्से और तनाव का माहौल देखा जा रहा है।
काटोल के विधायक चरण सिंह ठाकुर ने दावा किया है कि इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई है और करीब 20 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। विधायक का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के मजदूरों को काम पर लगाया गया था। हालांकि, धमाके की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें :- हाफकिन बायो में अनियमितताओं पर नया सर्कुलर, दस्तावेज लीक करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र के राउलगांव शिवार के कोटवालबद्दी इलाके में एक वर्ष पहले 16 फरवरी को Asian Fire Works में भी बड़ा धमाका हुआ था। उस घटना में दो मजदूरों की मौत और दो अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।