नागपुर में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस अधिकारी से मारपीट, सगे भाइयों ने की बदसलूकी; पुलिस महकमे में हड़कंप

Nagpur Crime News: नागपुर के सक्करदरा में ड्यूटी पर गई महिला PSI के साथ दो भाइयों ने मारपीट और छेड़खानी की। दहेज प्रताड़ना के केस में नोटिस देने पहुंची अधिकारी पर आरोपियों ने हमला किया।
Nagpur Female PSI Assault
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Updated on

Nagpur Female PSI Assault News: नागपुर के सक्करदरा थानांतर्गत सोमवारी क्वार्टर परिसर में अपनी ड्यूटी करने गई महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ 2 भाइयों ने मारपीट और बदसलूकी की। इस घटना से पूरे इलाके में खलबली मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाग निकले। अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। आला अधिकारियों ने प्रकरण को गंभीरता से लिया है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

आरोपियों में सोमवारी क्वार्टर निवासी इरफान इशाक शेख (27) और इरशाद इशाक शेख (30) का समावेश है। दोनों सक्करदरा बाजार रोड पर ताज गैस शॉप चलाते हैं। इरफान की पत्नी ने उसके और बड़े भाई इरशाद, परिवार के सदस्य अस्फिया शेख (24), सुलताना सत्तार शेख (34), खुशमा इरफान शेख (40), शबनम उस्मान गनी (40), मुस्कान उस्मान गनी (20), मस्कासाथ निवासी नगमा नसरुल्ला पठान (33) और नसरुल्ला अमानुल्ला पठान (40) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत की थी। इस प्रकरण की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर को सौंपी गई थी। बार-बार पूछताछ के लिए हाजिर रहने के निर्देश देने के बावजूद एक भी आरोपी पुलिस थाने में पेश नहीं हुआ। सोमवार को अधिकारी इरफान की दुकान पहुंचीं और उसे नोटिस तामिल करने की जानकारी दी।

महिला पुलिस से की मारपीट

इरफान दुकान पर आने को लेकर भड़क गया और गालीगलौज करने लगा। अधिकारी ने उसे घर चलकर नोटिस देने की बात कही। वह अधिकारी को घर की तरफ ले गया। अधिकारी ने महिलाओं को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान इरशाद भी वहां मौजूद था। वह अचानक घर के बाहर निकला और चिल्ला-चिल्ला कर गालियां देने लगा। महिला अधिकारी ने उसे समझाने का प्रयास किया तो इरशाद ने थप्पड़ मार दिया और बेहद आपत्तिजनक ढंग से धक्का देकर भाग निकला।

इसी दौरान इरफान भी महिला अधिकारी को धक्का देकर भाग गया। तत्काल अधिकारी ने वरिष्ठों को घटना की जानकारी दी। पुलिस स्टेशन से अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दोनों आरोपियों के खिलाफ नागपुर पुलिस ने विनयभंग, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और सरकारी काम में बाधा निर्माण करने का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com