नागपुर में अधिकारियों के साथ गडकरी-फडणवीस-बावनकुले की बैठक (सौजन्य-नवभारत) 
नागपुर

संतरा मार्केट से नेताजी मार्केट तक बदलेगी सूरत! पार्किंग से लेकर मेडिकल तक गडकरी का स्मार्ट विजन, जानें प्लान

Nagpur Infrastructure Project: नागपुर में हर 1 लाख की आबादी पर बनेगा बाजार और हॉकर जोन। गडकरी और फडणवीस ने पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए दिए सख्त निर्देश। सीमेंट रोड के 5वें चरण को मंजूरी।

प्रिया जैस

Devendra Fadnavis Nagpur News: नागपुर शहर में महानगर पालिका, एमएसआईडीसी और अन्य एजेंसियों द्वारा किए जा रहे या प्रस्तावित हर नए निर्माण कार्य में पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने को प्राथमिकता देने के निर्देश केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को दिए। शहर के विकास को गति देने और बुनियादी ढांचे को व्यवस्थित करने के लिए गडकरी और फडणवीस ने रविवार को अहम समीक्षा बैठक की।

बैठक में प्रशासन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि विशेष रूप से नए बनने वाले सब्जी बाजार, मटन-मच्छी मार्केट, फूड मॉल, संतरा मार्केट, कॉटन मार्केट और नेताजी मार्केट में पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर इसके लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाए। महानगर पालिका के अंतर्गत एक लाख की आबादी वाली बस्तियों में जोन के हिसाब से बाजार और हॉकर जोन बनाए जाएंगे।

अवैध हुक्का पार्लरों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश

उन्होंने इसके लिए 'एकीकृत विकास नियंत्रण और प्रोत्साहन नियमावली' का उपयोग करते हुए आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सक्करदरा बाजार, सोख्ता भवन बुधवार बाजार और डागा अस्पताल के पुनर्विकास को लेकर भी अहम चर्चा हुई। नागपुर (Nagpur) की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सुरक्षा के मद्देनजर कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए। स्कूल और कॉलेजों के पास मौजूद अवैध पान-टपरियों और अन्य दुकानों को तत्काल हटाने के सख्त आदेश दिए गए। शहर में फुटपाथों और सड़कों तक फैल चुके अतिक्रमण को हटाने के लिए महानगर पालिका और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने शहर में चल रहे अवैध हुक्का पार्लरों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

  • 9 जोन में सीमेंट रोड का जाल
  • 89 किलोमीटर लंबाई तक होगा विस्तार
  • 135 सीमेंट रोड हैं प्रस्तावित

सीमेंट रोड, जल और कचरा प्रबंधन

बैठक में जानकारी दी गई कि शहर में 5वें चरण के तहत 9 जोन में 89 किलोमीटर लंबी 135 सीमेंट रोड प्रस्तावित हैं। नागपुर (Nagpur) शहर में पानी की लीकेज रोकने के लिए कठोर कदम उठाने और कचरा प्रबंधन के लिए राज्य के अन्य शहरों के सफल मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, बढ़ती आबादी को देखते हुए भूमिगत सीवरेज योजना, वर्षा जल नालों और मलजल प्रबंधन के लिए धन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

मेडिकल, खेल और अन्य प्रमुख योजनाएं

  • इंदिरा गांधी शासकीय मेडिकल कॉलेज (मेयो) और मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में पोस्ट ग्रेजुएट छात्र छात्रावास, प्रशासनिक भवन और खेल के मैदान के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
  • विभागीय क्रीड़ा संकुल (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में सौर ऊर्जा का उपयोग करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। यशवंत स्टेडियम के पुनर्विकास प्रोजेक्ट पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
  • नाग और पोहरा नदी परियोजनाओं, काचीपुरा कृषि महाविद्यालय परिसर में स्लम पुनर्वास परियोजना और दाभा स्थित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया गया।
  • बैठक में पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांसद माया इवनाते, विधायक मोहन मते व कृष्णा खोपड़े, महापौर नीता ठाकरे, अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर और एमएसआईडीसी के महाप्रबंधक ब्रजेश दीक्षित शामिल थे।

आरक्षण के साथ छेड़छाड़ हुआ तो... जदयू नेता की सरकार को सख्त चेतावनी, रिजर्वेशन पर NDA में दो फाड़

संसद सत्र को लेकर बड़ी खबर! सितंबर के दूसरे हफ्ते में बुलावा संभव, परिसीमन और महिला आरक्षण पर सरकार की नजरें

युवाओं को रिझाने में जुटी भाजपा, पार्टी के युवा नेताओं के साथ नितिन नबीन की बैठक; तय हुआ बड़ा एक्शन प्लान

बिलासपुर में दो गुटों के बीच झड़प के बाद तनाव, पत्थरबाजी में 5 घायल; 300 पुलिसकर्मी तैनात

विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस का मेगा प्लान! उत्तराखंड-गोवा में प्रियंका गांधी होंगी पार्टी का चेहरा