हत्या की प्रतीकात्मक तस्वीर सोर्स- AI
नागपुर

नागपुर में खौफनाक वारदात: कार के सामने पटाखे फोड़ने से रोका तो कुख्यात अपराधी ने युवक को उतारा मौत के घाट

Devnagar Nagpur Murder Case: नागपुर के देवनगर में लक्ष्मी पूजन की रात कार के सामने पटाखे फोड़ने से टोकने पर कुख्यात अपराधी ने कैशियर अमन सपाटे की चाकू घोपकर हत्या कर दी। CP ने PI पर एक्शन लिया।

प्रमोद यादव

Highlights

  • नागपुर के देवनगर परिसर में लक्ष्मी पूजन की रात करीब 12.30 बजे हत्या हुई।

  • कार के सामने पटाखे फोड़ने से रोकने पर विवाद शुरू होने की बात सामने आई।

  • 27 वर्षीय अमन उर्फ बॉबी सपाटे पर चाकू से हमला किया गया।

  • मामले में हिस्ट्रीशीटर अक्षय मड़ावी समेत चार आरोपियों के नाम सामने आए।

  • पुलिस आयुक्त ने बजाजनगर थानेदार चेतन सिंह चौहान को मुख्यालय भेज दिया।

Nagpur Police Action: नागपुर में कार के सामने पटाखे फोड़ने से रोकने पर अपराधी और उसके साथी ने एक युवक को मार डाला बताया जाता है कि अपराधी का एक अन्य युवक के साथ विवाद चल रहा था। उसे छोड़कर अपराधी ने पटाखे फोड़ने से रोकने वाले को ही मौत के घाट उतार दिया।

यह घटना लक्ष्मी पूजन की रात 12.30 बजे के दौरान देवनगर परिसर में हुई। बजाजनगर पुलिस जांच में जुटी है लेकिन अब तक कोई आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। मृतक जयभोले सोसाइटी, पिपला फाटा निवासी अमन उर्फ बॉबी सुनील सपाटे (27) बताया गया। अमन हल्दीराम के स्टोर में कैशियर का काम करता था।

हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज

आरोपियों में नीलकमल अपार्टमेंट, ओल्ड फुटाला निवासी अक्षय मड़ावी (28), सुजल उर्फ वैक्स शेडाम, आदित्य उर्फ आदि कलसकर और गिट्टीखदान निवासी समीर कावले का समावेश है। अक्षय हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सुजल और समीर का भी पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है।

जानकारी के अनुसार, देवनगर निवासी प्रसाद राऊत का रविवार को जन्मदिन था। उसने केक काटने के लिए अपने दोस्तों को देवनगर आमंत्रित किया था। अमन घर पर दिवाली मनाने के बाद अपने दोस्त अक्षय नौकरकर व अन्य के साथ प्रसाद का जन्मदिन मनाने के लिए देवनगर पहुंचा। यहां अक्षय मड़ावी भी अपने साथियों के साथ आया था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया

इस तरह से 30 से 40 युवक वहां जमा हो गए। चौराहे पर अमन ने गाड़ी पार्क की। इसी दौरान अक्षय के साथी ने उसकी कार के सामने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। गाड़ी में आग लगने के डर से अमन ने उसे फटकार लगाई। अक्षय गैंग शराब के नशे में थी। उन लोगों ने अमन के साथ विवाद शुरू कर दिया और मारपीट होने लगी।

वहीं भूषण खुरसुंगे नामक युवक विवाद होता देख अमन को बचाने गया लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापायी की। अमन की तरफ से लोगों को हावी होते देख अक्षय ने चाकू निकाल लिया। काफी बीचबचाव की कोशिश होती रही लेकिन अक्षय ने अमन पर चाकू से हमला कर दिया। पेट पर चाकू घोपने से अमन वहीं ढेर हो गया।

अन्य लोगों को भी मामूली चोट आई। पकड़े जाने के डर से अक्षय और उसके साथी वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। अमन को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच करते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। देर रात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आग बुझाने में व्यस्त थी पुलिस, इधर हो गई हत्या

नागपुर जिले में लक्ष्मी पूजन की रात बजाजनगर थाना क्षेत्र के सावरकरनगर परिसर में टीवीएस दोपहिया वाहन के शोरूम में भीषण आग लग गई थी। रिहायशी इलाके में आग फैलने और जनहानि की आशंका के चलते पुलिस बल वहां तैनात था।

दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी पुलिस संभाल रही थी। पुलिस महकमा आग की घटना के कारण व्यस्त था, तभी आधी रात देवनगर चौक पर हत्या की वारदात हो गई।

CP का एक्शन, थानेदार को मुख्यालय भेजा

देवनगर चौक में चर्चित अपराधी द्वारा युवक की हत्या किए जाने से सीपी विश्वास नांगरे पाटिल ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। सख्त कदम उठाते हुए सीपी ने बजाजनगर के थानेदार चेतन सिंह चौहान को आनन-फानन में पुलिस मुख्यालय भेज दिया। फिलहाल थाने की जिम्मेदारी सेकंड पीआई शिंदे को सौंपी गई है। 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं मिला है।

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल