सिगरेट विवाद हमला( सोर्स: सोशल मीडिया ) 
नागपुर

कपिलनगर में सनसनी: नागपुर में गुंडों का आतंक, सिगरेट बिल पर धारदार हथियारों से वार; 6 आरोपी गिरफ्तार

Nagpur Cigarette Dispute Attack: नागपुर में सिगरेट का बिल न देने पर गैंग ने 2 लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया। 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

अंकिता पटेल

Nagpur Gang Attack Case: नागपुर जिले में महज सिगरेट का बिल नहीं देने पर अपराधियों की गैंग ने ऐसा आतंक मचाया कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। धारदार हथियारों से लैस इस गैंग ने 2 लोगों पर ताबड़तोड़ हमला किया। कपिलनगर पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि राजा हिरोती सहित 2 चर्चित अपराधी फरार हो गए, जख्मियों में बनदेवी चौक, यशोधरानगर निवासी शेख अकील शेख जलील (45) और भिलगांव निवासी मोहम्मद आसिफ उर्फ सोनू बशीर शेख (34) का समावेश है। पुलिस ने अकील की शिकायत पर मामला दर्ज किया।

पकड़े गए आरोपियों में कामगारनगर निवासी मोहम्मद अजहर मोहम्मद अकील (27), हुसैन अकरम कुरैशी उर्फ अरमान लोचा (26), इरफान रमजान खान (22), फरहान उर्फ फर्रा गुलाम मुस्तफा खान (25), एनआईटी क्वार्टर, कपिलनगर निवासी प्रिन्स उर्फ पिंटू हीरालाल उपाध्याय (27) और काशीनगर निवासी अधिन उर्फ चिंटू दादूराम चौधरी (23) का समावेश है।

बाल-बाल बची जान

रविवार की रात अकील का जन्मदिन था। वह अपने दोस्त मोहम्मद सिराज के साथ टेकानाका के हाईवे बार एंड रेस्टोरेंट में भोजन करने गया था। रात 12:30 बजे खाना खाकर बिल देने काउंटर पर गए, इसी दौरान अजहर ने उन्हें अपनी सिगरेट का बिल देने को कहा। अकील ने पैसे देने से इनकार किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। अजहर और लोचा ने जबरदस्ती उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

जैसे-तैसे दोनों बार के बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपियों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। राजा हिरोती अन्य 5-6 आरोपियों के साथ वहां पहुंचा और सीधे अकील पर हमला कर दिया। इसी दौरान आसिफ भी अकील को जन्मदिन की बधाई देने आया था। आरोपियों ने उसे अपनी दोपहिया से टक्कर मारी।

आरोपियों ने चाकू, रॉड और कोयता से अकील और आसिफ पर हमला कर दिया। लगातार प्रहार होने से अकील जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान कुछ आरोपियों ने रास्ते पर पड़ी फर्श उठाकर उसकी छाती पर मारनी शुरू कर दी। वहीं एक आरोपी लगातार आसिफ पर चाकू से हमला किए जा रहा था।

कई बार चाकू और कोयता उनकी गर्दन को छूकर निकला अन्यथा मौके पर ही जान चली जाती। सिराज ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस घटना से पूरे इलाके में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। अकील और आसिफ के दोस्तों ने उन्हें पुलिस थाने पहुंचाया, जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया।

मोका लगाने की मांग

इस घटना के बाद से आसिफ और अकील के परिजन भयभीत हैं। उनका कहना है कि बिना किसी विवाद के उनके बेटों पर इस तरह जानलेवा हमला किया गया। सभी आरोपियों का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है। कुछ कपिलनगर थाना क्षेत्र में ड्रग्स का धंधा चलाते हैं।

उनके खिलाफ इसके पहले भी आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास और गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, उन पर मोका लगाया जाना चाहिए अन्यथा वे दोबारा बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

Swarna Bharat Trust: 25वें स्थापना दिवस पर CM योगी का संबोधन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शिक्षा पर दिया जोर

Delhi Building Collapse Live: PG मालिक के बाद पत्नी-बेटा भी अरेस्ट, सत्य निकेतन में 27 घंटे बाद रेस्क्यू खत्म

Guwahati Murder: पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, कुत्तों को खिलाने वाला था बॉडी, बदबू आने पर खुला राज

पीएम मोदी का मुंबई-वड़ोदरा दौरा, गुजरात-महाराष्ट्र को मिलेगी बड़ी सौगात, करेंगे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन

सत्य निकेतन हादसा: 27 घंटे बाद खत्म हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन, बुझ गए 7 घरों के चिराग; अब तक क्या-क्या हुआ?