मोहन भागवत (सोर्स: IANS)
नागपुर

नागपुर: तपस्या, त्याग और समर्पण से बना संघ का 100 साल का सफर, मोहन भागवत ने याद किया संघ का पुराना दौर

Mohan Bhagwat RSS Pracharak Speech: नागपुर में मोहन भागवत ने संघ के 100 साल के सफर और प्रचारकों के समर्पण पर बात की। उन्होंने कहा कि संघ की ताकत निस्वार्थ भाव से काम करने वाले स्वयंसेवक हैं।

आलोक उमाकृष्ण

Highlights

  • केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कार्यक्रम में रहे मौजूद।

  • प्रचारकों के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन।

  • संघ प्रमुख ने राजा और तपस्वियों की कहानी सुनाई।

RSS Pracharaks And 100 Years Of Sangh: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक के नए मुख्यालय और सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में भागवत ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, व्यक्ति निर्माण की विचारधारा और प्रचारकों के समर्पित जीवन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संघ की सबसे बड़ी ताकत ऐसे स्वयंसेवक हैं, जो बिना किसी व्यक्तिगत लाभ या पहचान की उम्मीद के संगठन और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर देते हैं।

तपस्या और उसके परिणाम का संगम

अपने संबोधन में भागवत ने कहा कि आज का आयोजन दो महत्वपूर्ण अवसरों का संगम है। एक ओर नए भवन का उद्घाटन हो रहा है, तो दूसरी ओर प्रचारकों के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के मन में भी यही विचार आया कि एक तरफ तपस्या है और दूसरी तरफ उसका परिणाम। इस अवसर पर दोनों का एक साथ अनुभव हो रहा है।

अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने राजा और तपस्वियों की एक पुरानी कहानी सुनाई। कहानी में एक राजा जंगल में रास्ता भटककर कुछ साधुओं की झोपड़ी तक पहुंचता है। साधु उसे दूसरी जगह भेजते हैं, जहां उसकी सेना के लिए भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था होती है। अगले दिन राजा के पूछने पर साधु बताते हैं कि वे खुद अभावों में रहकर दूसरों के लिए सुविधाएं जुटाते हैं।

व्यक्ति निर्माण है संघ की कार्यपद्धति

भागवत ने कहा कि संघ के संस्थापक ने व्यक्ति निर्माण के महत्व को बहुत पहले समझ लिया था। उनका मानना था कि व्यक्ति अच्छा बनेगा तो समाज और देश में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। इसी विचार के आधार पर संघ पिछले 100 वर्षों से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन की प्रगति स्वयंसेवकों के कर्तव्य, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हर स्वयंसेवक अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देता है। कुछ लोग समय देकर काम करते हैं, जबकि कुछ अपने आचरण और व्यवहार से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं।

प्रचारकों की पहचान उनका समर्पण

प्रचारकों के जीवन पर बोलते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि उनके स्वभाव और कार्यक्षमता में भले ही अंतर हो, लेकिन सभी में समर्पण का गुण समान है। प्रचारक अपना पूरा जीवन संघ के काम में लगा देते हैं और बदले में किसी आर्थिक लाभ, पद या सम्मान की अपेक्षा नहीं रखते।

विदेश यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि विकसित देशों के लोग भी यह जानकर हैरान होते हैं कि संघ में ऐसे कार्यकर्ता कैसे तैयार होते हैं, जो बिना किसी व्यक्तिगत लाभ के दशकों तक काम करते रहते हैं।

स्मृति ग्रंथ स्नेह और कृतज्ञता का प्रतीक

मोहन भागवत ने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रचारकों के जीवन पर पुस्तकें लिखी जा रही हैं। हालांकि, प्रचारकों ने कभी इसकी अपेक्षा नहीं की। उनके लिए संघ का काम ही सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि इन पुस्तकों के पीछे उन लोगों के प्रति स्नेह और कृतज्ञता की भावना है, जिनके साथ काम करने का अवसर मिला। श्याम जी ने सहयोगियों की टीम के साथ जानकारी जुटाकर यह स्मृति ग्रंथ तैयार किया है।

6,500 से कई गुना बढ़ी प्रचारकों की संख्या

संघ प्रमुख ने बताया कि डॉक्टर साहब की जन्मशती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 6,500 वर्तमान और पूर्व प्रचारक शामिल हुए थे। अब यह संख्या कई गुना बढ़ चुकी होगी। उन्होंने कहा कि प्रचारक स्वयं सम्मान की अपेक्षा नहीं करते, लेकिन उनके त्याग के कारण स्वयंसेवक उनके प्रति श्रद्धा रखते हैं।

अपने संबोधन के अंत में भागवत ने प्रचारकों की कार्यशैली से जुड़े कुछ रोचक किस्से सुनाए। उन्होंने मुकुंद जी का उदाहरण दिया, जो जहां जाते थे, वहां अनुशासन और व्यवस्था का माहौल बना देते थे। वहीं, कुछ प्रचारक सामान पैक करने के मामले में बिल्कुल अलग अंदाज रखते थे। इस पर उन्होंने हंसते हुए बताया कि ऐसे लोग कपड़ों को समेटकर सीधे थैले में डाल लेते थे। उन्होंने कहा कि कार्यशैली अलग हो सकती है, लेकिन संगठन के प्रति सभी का समर्पण एक जैसा है।

Bank Holiday: इस हफ्ते पूरे 6 दिन बैंक रहेंगे बंद, यहां देखें आज बैंक खुला है या नहीं

मणिपुर में जनगणना पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, अप्रैल 2027 तक बढ़ाई मियाद, सामने आई बड़ी वजह

जनवरी में 5 राज्यों में चुनाव संभव, नए साल के पहले हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

दिवाली की बधाई में ईद का जिक्र करना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी, बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार