Nagpur Vidhan Parishad Election: विधान परिषद के नागपुर संभाग स्नातक चुनाव क्षेत्र के चुनाव के लिए कांग्रेस के अभिजीत वंजारी, भाजपा के सुधाकर कोहले, भाजपा के बागी अनिल सोले व एड। रमन सेनाड, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के बागी निलेश कराले सहित अन्य उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए।
कांग्रेस सहित कुछ अन्य उम्मीदवारों ने रैली के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। ढोल-ताशे भी बजाए गए लेकिन भाजपा ने राज्य में सूखा के चलते किसानों पर संकट को देखते हुए सादगी से पर्चा भरा। विभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में विविध दलों के नेता व कार्यकर्ताओं का मेला सा लगा हुआ था।
प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की घोषणा की थी, जिसे देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था की थी। पूरे परिसर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त भी तैनात किया गया था। उम्मीदवारों ने विभागीय आयुक्त तथा चुनाव निर्णय अधिकारी विजयलक्ष्मी बिदरी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
भाजपा, महायुत्ति के उम्मीदवार सुधाकर कोहले के नामांकन पत्र के लिए पार्टी की ओर से जोरदार तैयारी की गई थी। सिविल लाइंस स्थित स्वागत लॉन से रैली निकाली जानी थी और ढोल-ताशे की व्यवस्था भी कर ली गई थी, लेकिन पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सूखे की स्थिति को देखते हुए सादगी से नामांकन पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया।
उनके साथ राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, पंकज भोयर, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र कोठेकर, शहराध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक प्रवीण दटके, विष्णु चांगदे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। हालांकि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए चुनिंदा नेता ही संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे।
पार्टी नेता और कार्यकर्ता रैली के लिए सिविल लाइंस स्थित स्वागत लॉन में सुबह 9 बजे से जुटना शुरू हो गए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे बावनकुले के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उन्होंने ढोल बंद करने के निर्देश दिए, उन्होंने अपील की कि 100 से 1,000 रुपये तक की राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि में दान करें।
कांग्रेस, महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार अभिजीत वंजारी के नामांकन के लिए रैली राका नेता अनिल देशमुख के जीपीओ परिसर स्थित निवास से निकाली गई, रैली के माध्यम से कांग्रेस ने एकजुटता का भी प्रदर्शन किया, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले, विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधायक विकास ठाकरे, पूर्व मंत्री सुनील केदार, राजेंद्र मुलक, रणजीत कांबले, विधायक संजय मेश्राम, पूर्व विधायक अशोक धवड, राकां शहराध्यक्ष दुनेश्वर पेठे सहित प्रमुख पदाधिकारी और नगरसेवक रैली में शामिल हुए, वंजारी ने दोपहर 12 बजे नामांकन पत्र दाखिल किया, इसके बाद जवाहर विद्यार्थीगृह में उनके चुनाव प्रचार का शुभारंभ किया गया।
भाजपा के बागी अनिल सोले व एड.रमन सेनाड तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) गुट के बागी निलेश कराले 10-15 मिनट के अंतराल पर नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। सोले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर परिसर गुंजा दिया।
सेनाड के साथ भी बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। कराले ने संविधान चौक से रैली निकाली। वे पगड़ी पहनकर पहुंचे थे। महात्मा गांधी की वेशभूषा में एक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी उनके साथ थीं।