मसोरा ग्राम पंचायत (फोटो नवभारत) 
नागपुर

कागजों पर बने फर्जी मकान, नरखेड़ के मसोरा में घरकुल बड़ा घोटाला! सरपंच-सचिव पर गंभीर आरोप

Nagpur News: नागपुर जिले की नरखेड़ तहसील के मसोरा ग्राम में घरकुल योजना में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। ग्राम सदस्य ने सचिव-सरपंच पर अपूर्ण व अस्तित्वहीन घरों को पूर्ण दिखाने की शिकायत की है।

आकाश मसने

Narkhed Gharukul Yojana Irregularities News: नागपुर जिले की नरखेड़ तहसील के ग्राम पंचायत मसोरा में घरकुल योजना को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सदस्य शारदा काटे ने इस प्रकरण की शिकायत खंड विकास अधिकारी, नरखेड़ के पास दर्ज कराते हुए तत्काल जांच की मांग की है।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम के सचिव और सरपंच पर आरोप है कि उन्होंने कुछ लाभार्थियों के जिन स्थानों पर वास्तव में मकान बने ही नहीं हैं, उन मकानों को कागजों पर पूर्ण दिखाकर पंचायत समिति को गलत जानकारी दी। इसके आधार पर सरकारी निधि भी जारी कर दी गई। इस कथित घोटाले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में तीव्र नाराजगी है और वे मामले की विस्तृत जांच की मांग कर रहे हैं।

पात्र लाभार्थियों को किया दरकिनार

ग्रामीणों का कहना है कि घरकुल योजना के वास्तविक पात्र लाभार्थियों को दरकिनार कर कुछ अन्य लोगों के अपूर्ण या अस्तित्वहीन निर्माण कार्यों को कागजों पर मंजूरी दे दी गई। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और अधिक गहरा रही है।

ग्रापं सदस्य काटे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बिना प्रत्यक्ष निर्माण कार्य देखे ही लाभार्थियों को भुगतान का मार्ग प्रशस्त किया गया, जो कि गंभीर अनियमितता है।

उन्होंने इस पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। गांव में इस घोटाले को लेकर चर्चाओं का माहौल गरम है और नागरिकों में रोष व्याप्त है। अब खंड विकास अधिकारी इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

उचित कार्रवाई की जाएगी

पंचायत समिति नरखेड़ के खंड विकास अधिकारी अक्षय भगत ने कहा कि फिलहाल नगर परिषद और नगरपंचायत चुनाव में व्यस्त रहने के कारण मेरे पास अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, तो इसकी जांच कर संबंधितों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

झूठी शिकायत की गई है

ग्राम पंचायत मसोरा के सरपंच प्रतीक कांबले ने कहा कि हम लोग केवल घरकुल निर्माण से संबंधित कागजात पंचायत समिति को भेजते हैं। घरकुल की मंजूरी और भुगतान पंचायत समिति द्वारा किया जाता है। इसलिए हमारा इससे कोई संबंध नहीं है। हमारे खिलाफ झूठी शिकायत की गई है।

India Chem 2026: बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे उद्घाटन

महाराष्ट्र के 3 कलाकारों को ललित कला अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका हुए जेल से रिहा, SEM कोर्ट से मिली जमानत

मुकेश अंबानी की रिफाइनरी क्यों पहुंचे मार्को रुबियो? समझिए तेल का पूरा खेल

3D पॉप-अप से पैठणी साड़ी तक, राष्ट्रपति को मिला नासिक सिंहस्थ कुंभ का अनोखा निमंत्रण बॉक्स, जानें क्या है खास