Nagpur FDA Banned Pan Masala: नागपुर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीम ने प्रतिबंधित उत्पादों की हो रही अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई अभियान को जारी रखा है। इसके तहत एफडीए की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचपावली पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, साथ ही माल जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की अन्न सुरक्षा अधिकारी अर्चना खंडारे को प्राप्त जानकारी के आधार पर आसीनगर जोन के डॉ। आंबेडकर मार्ग, अशोक कॉलोनी, आजाद बुनकर कॉलोनी के प्लॉट नंबर 82 स्थित गोदाम में एफडीए की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान वहां विभिन्न कंपनियों का प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू का जखीरा मिला।
पूछताछ में यह माल अजहर इकबाल अतिकुर रहमान कुरैशी का होने की पुष्टि हुई। एफडीए अधिकारियों की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा कर विभिन्न ब्रांडों के कुल 5,99,232 रुपए मूल्य के प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए, इसके बाद जिस कमरे में माल रखा गया था उसे ताला लगाकर सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगले आदेश तक यह कमरा सीलबंद रहेगा। इस आरोपी मामले में जहर इकबाल अतिकुर रहमान कुरैशी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ पांचपावली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) के सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय सदार और सहायक आयुक्त आर। जयपुरकर के मार्गदर्शन में की गई।
बता दे कि एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट कहा है कि प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-नागपुर: जलभराव रोकने के लिए नगर पंचायत का एक्शन, मानसून से पहले बेसा-गोधनी में नाला सफाई अभियान तेज
मुंढे के आदेश अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) नागपुर की टीम सक्रिय है और शहर में लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। हालांकि अब भी शहर में बड़े पैमाने पर टपरियों से लेकर किराना दुकानों तक में प्रतिबंधित तंबाकू बेची जा रही है।