Central Railway GM Rajiv Srivastava Meets MPs: मध्य रेल के जीएम राजीव श्रीवास्तव ने बुधवार को नागपुर में नागपुर एवं भुसावल मंडलों के सांसदों के साथ बैठक कर विभिन्न रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं,समस्याओं और क्षेत्रीय रेल विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
नागपुर स्थित डीआरएम कार्यालय में हुई इस बैठक में मध्य रेल के प्रधान विभागाध्यक्षों तथा दोनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने भी भाग लिया।
बैठक में रामटेक के सांसद श्यामकुमार बारवे, वर्धा के अमर काले, चंद्रपुर की प्रतिभा सुरेश धानोरकर, बैतूल के दुर्गादास उइके, छिंदवाड़ा के बंटी विवेक साहू, दिंडोरी के भास्कर मुरलीधर भागरे, जलगांव की स्मिता उदय वाघ, अकोला जिले के अनूप संजय धोत्रे, अमरावती के बलवंत बसवंत वानखेडे, खंडवा के ज्ञानेश्वर पाटिल तथा राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे शामिल हुए।
जीएम राजीव श्रीवास्तव ने सांसदों का स्वागत करते हुए मध्य रेल की उपलब्धियों और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उप महाप्रबंधक के.के. मिश्रा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग और भुसावल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुनीत अग्रवाल ने अपने-अपने मंडलों की उपलब्धियों तथा चल रही परियोजनाओं पर प्रस्तुतियां दीं।
सांसदों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित रेल सुविधाओं और यात्री समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्टेशनों के पुनर्विकास, तीसरी और चौथी रेल लाइन के निर्माण, अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस तथा विशेष ट्रेनों जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए रेलवे के प्रयासों की सराहना की।
रेलवे अधिकारियों ने सांसदों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर जानकारी देते हुए उनके सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जीएम ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और रेल नेटवर्क के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।