Besa Pipla Nagar Panchayat Encroachment Notice: नागपुर जिले के बेसा-पिपला नगर पंचायत की ओर से बेसा चौक से बेलतरोडी टी-पॉइंट तक मुख्य मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर अवैध पार्किंग कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यापारियों तथा बिना अनुमति सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे हॉकर्स को तत्काल हटाने की चेतावनी दी गई और संबंधितों को नोटिस जारी किए गए। अभियान के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के रिलायंस मार्ट सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास किए गए अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बेसा क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, यातायात दबाव और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरे हो गए हैं, जिससे आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं और भविष्य में संभावित हादसों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है तथा मार्गदर्शक संकेतक बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से बचते हुए प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। इससे यातायात को सुचारू रखा जा सकेगा और समस्या का समाधान होगा।
यह अभियान वैसा-पिपला नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति बडोले के मार्गदर्शन में चलाया गया, इस अवसर पर टाउन प्लानिंग विभाग के अभियंता अभिजीत हांडे एवं उनकी टीम तथा निर्माण विभाग के अभियंता तुषार सेलोटे उपस्थित थे। इस दौरान महिला व बाल कल्याण सभापति विद्या भोयर, नगरसेवक हितेश भजने, नगरसेविका शालिनी कंगाली, नगरसेविका वैशाली ढोणे, छाया शुक्ला, तिड़के तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:-चुनाव-जनगणना ड्यूटी विवाद: रिकॉर्ड में गड़बड़ी के आरोप, नागपुर मनपा प्रशासन का सख्त एक्शन
यातायात पुलिस उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर ने भी क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बेसा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना, अतिक्रमण मुक्त सड़के सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।