Nagpur School Bomb Threat News: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शहर के 12 प्रतिष्ठित और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ नागपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। सुबह करीब 10 बजे ईमेल मिलते ही नागपुर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
दरअसल, मंगलवार सुबह 10 बजे नागपुर शहर के 12 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाला ईमेल मिला। टारगेट की लिस्ट में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट भी शामिल था। धमकी भरे मैसेज को स्कूलों के ऑफिशियल ईमेल एड्रेस पर भेजा गया। स्कूल शुरू होने के बाद जब प्रिंसिपलों ने अपने कंप्यूटर खोले तो उन्हें यह ईमेल मिला, जिससे तुरंत अफरातफरी मच गई।
ईमेल भेजने वाले ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि इन स्कूलों में छात्रों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा थोपी जा रही है, और कहा कि अब इन्हें बम से उड़ाने का समय आ गया है।
बम की धमकी वाले स्कूलों में भंडवाड़ी और सदर स्थित सेंटर पॉइंट स्कूल की शाखाएं, साथ ही अजनी, काटोल और वायुसेना नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय की शाखाएं शामिल हैं। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को भी ऐसी ही धमकी मिली।
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद संबंधित पुलिस थानों की टीमों को तुरंत अलर्ट किया गया और वे स्कूलों में पहुंच गईं। धमकी को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने सभी जगहों पर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को बुलाया। इन स्क्वॉड ने परिसर को खाली कराया और गहन तलाशी शुरू की। किसी भी संभावित विस्फोटक उपकरण का पता लगाने में मदद के लिए दोपहर करीब 12:00 बजे डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया।
इस बीच, साइबर सेल ने ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। मैसेज भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए IP एड्रेस की जांच की जा रही है।
स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल के अचानक पहुंचने से लोगों में हलचल मच गई। घटना की खबर मिलते ही कुछ अभिभावक स्कूलों की ओर भागे। हालांकि, इलाके में किसी भी तरह की अफरातफरी को रोकने के लिए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने वायरलेस कम्युनिकेशन सिस्टम के जरिए संबंधित अधिकारियों को अलर्ट जारी किया है।