Nagpur Sevagram Rail Block News: मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत नागपुर-सेवाग्राम रेलखंड पर तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना के महत्वपूर्ण कार्यों को गति देने के लिए सेवाग्राम स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली की स्थापना और यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए 30 मई से 6 जून 2026 तक विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण कई यात्री ट्रेनों के संचालन पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 6 जून को वर्धा-नागपुर मेमू, नागपुर-वर्धा मेमू, अमरावती-अजनी एक्सप्रेस तथा अजनी-अमरावती एक्सप्रेस का संचालन पूरी तरह रद्द रहेगा। इसके अलावा हावड़ा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस और नागपुर-वर्धा मेमू का सेवाग्राम स्टेशन पर निर्धारित ठहराव भी 30 मई से 6 जून तक अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है। इससे सेवाग्राम और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करनी पड़ेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सेवाग्राम स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित होने के बाद रेल परिचालन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना पूरी होने से इस व्यस्त मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में यातायात दबाव कम होगा।
इसी बीच नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 के बंद रहने के कारण कोचिंग परिचालन पर पड़ने वाले प्रभाव की अवधि भी बढ़ा दी गई है। पहले यह अवधि 52 दिनों के लिए निर्धारित थी, लेकिन निर्माण एवं तकनीकी कार्यों की प्रगति को देखते हुए इसे बढ़ाकर 61 दिन कर दिया गया है। इसके तहत 30 मई से 7 जून 2026 तक अतिरिक्त नौ दिनों तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा।
यह भी पढ़ें:- वर्धा में कृषि बाजार में फसलों के दामों में भारी उछाल: तिल ने बनाया रिकॉर्ड, 11,000 रुपये प्रति क्विंटल के पार
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन की व्यवस्था भी की है। नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस 30 मई से 6 जून तक नागपुर स्टेशन के बजाय अजनी स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं मडगांव-नागपुर एक्सप्रेस 31 मई से 7 जून तक नागपुर के स्थान पर अजनी स्टेशन से ही प्रस्थान करेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, समय-सारिणी और संभावित बदलावों की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।