विरार वैतरणा आरओबी परियोजना (सौ. सोशल मीडिया )
Virar Vaitarna New ROB Project Update: मुंबई महानगर क्षेत्र और पालघर जिले के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। महाराष्ट्र रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महारेल) की तरफ से विरार और वैतरणा रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे क्रॉसिंग-41 पर बनाए गए नए 4-लेन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) को शुक्रवार से आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक ने किया, नारंगी बायपास रोड पर बने इस आरओबी की कुल लंबाई 782 मीटर है और इसमें 4 लेन की सड़क बनाई गई है।
इस प्रोजेक्ट में 102 करोड़ का हुआ निवेश
इस परियोजना पर कुल 102 करोड़ रुपये की लागत आई है। परियोजना का खर्च रेलवे मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार ने 50:50 अनुपात में साझा किया है।
'रेल फाटक मुक्त महाराष्ट्र' विजन की दिशा में अहम कदम
- महारेल के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में तैयार यह परियोजना मुख्यमंत्री के 'रेल फाटक मुक्त महाराष्ट्र' विजन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस पुल के शुरू होने से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही सड़र और रेल यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। अधिकारियों के अनुसार, पहले इस रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।
- अब ओवर ब्रिज शुरू होने से लोगों का समय बचेगा और यातायात सुचारू रूप से चलेगा, महारेल ने कहा कि राज्य भर में रेलवे लेवल क्रॉसिंग खत्म कर सुरक्षित और बाधारहित यातायात व्यवस्था तैयार करने का अभियान लगातार जारी रहेगा। कंपनी राज्य में आरओबी, आरयूबी और फ्लाईओवर जैसी कई आधारभूत परियोजनाओं पर काम कर रही है।