Vile Parle Hit And Run Viral Video: मुंबई के विले पार्ले इलाके से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक छात्रा को एक मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मारी दी और वहां से फरार हो गया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है। यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना विले पार्ले इलाके में स्थित मीठीबाई कॉलेज के पास एनएस रोड नंबर 1 पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि छात्रा रास्ता पार कर रही है, जैसे ही वह सड़क के दूसरी ओर पहुंचने वाली थी, एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लड़की सड़क पर गिर गई।
गनीमत रही कि छात्रा पीछे से आ रहे ऑटो रिक्शा की चपेट में नहीं आई। ऑटो रिक्शा चालक ने तुरंत अपनी गाड़ी मोड़ी और ब्रेक लगाया। इससे छात्रा के जान बच गई। यदि छात्रा सड़क पर गिरने के बाद ऑटो की चपेट में आ जाती तो उसकी जान भी जा सकती थी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लाेगों ने डायल 108 एंबुलेंस और मुंबई की जुहू पुलिस को घटना की जानकारी दी और गंभीर रूप से छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
इधर छात्रा को टक्कर मारने के बाद मोटरसाइकिल सवार वहां से रफू-चक्कर हो चुका था। बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने मोटरसाइकिल सवार को रोकने की भी कोशिश की, लेकिन वह हादसे के बाद घटनास्थल से फरार होने में सफल रहा। बाद में हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस अपनी कार्रवाई में जुट गई।
फिलहाल, मुंबई के जुहू पुलिस ने इस मामले में अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने फरार मोटरसाइकिल सवार की तलाश के लिए टीमों को रवाना कर दिया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी का पता लगाया जा सके।