संजय राउत ने मंत्री गुलाबराव पाटिल के बयान पर किया पलटवार।
राउत बाेले- एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए धमकियां दी जा रही हैं।
राउत ने देवेंद्र फडणवीस कैबिनेट के मंत्री को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य कहा।
Sanjay Raut Attacks Gulabrao Patil Statement And Devendra Fadnavis: शिवसेना के दशहरा समारोह में मंत्री गुलाबराव पाटिल के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनेंगे वाले बयान को लेकर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राज्य की देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे सरकार पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री के बयान को आधार बनाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हालात पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उनके मंत्री ने धमकी दी है। उनका नाम गुलाबराव पाटिल है। उन्होंने धमकी दी है कि अगर एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के रास्ते में कोई आएगा तो उसे खत्म कर दिया जाएगा।
संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बात कहने वाला कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि सरकार में कैबिनेट मंत्री है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये सारे लोग फडणवीस की कैबिनेट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों की तरह काम कर रहे हैं। क्या यह सीधे तौर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए कोई चेतावनी या धमकी नहीं है?
संजय राउत ने कहा मतलब एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस को खत्म करके मुख्यमंत्री बनेंगे। अगर कोई विरोध करेगा तो उसे खत्म कर दिया जाएगा।
संजय राउत ने सीधे मुख्यमंत्री से सवाल पूछा कि अगर यह मंत्री गुलाबराव पाटिल की धमकी है, तो देवेंद्र फडणवीस आप क्या कर रहे हैं? इतना ही नहीं, संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के दुश्मन हैं। केंद्रीय गृह मंत्री देश के दुश्मन हैं और चुनाव आयोग भी देश का दुश्मन है।
बता दें 20 अक्टूबर को दशहरा रैली को संबोधित करते हुए मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा था कि मैंने देवी जगदंबा के चरण छूकर प्रार्थना की है कि आने वाले दिनों में एकनाथ शिंदे फिर से इस राज्य के मुख्यमंत्री बनें और हमारे किसानों के जीवन में खुशहाली लाएं।
गुलाबराव पाटिल ने संबोधित करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद से, हमारे नेता एकनाथ शिंदे निश्चित रूप से दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे और हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि हम आपके साथ रहेंगे और आपके विजन को साकार करेंगे। पाटिल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो भी एकनाथ शिंदे के मार्ग में बाधा बनेगा, उसका सर्वनाश हो जाएगा।
इससे पहले मंगलवार को संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि एक बार फिर देश में 'ईस्ट इंडिया कंपनी' जैसी व्यवस्था लागू करने की कोशिश हो रही है।
संजय राउत ने कहा था कि मैंने जो अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अराजकता फैलेगी, मैं फिर कह रहा हूं कि अराजकता फैलेगी। अगर यह सरकार सत्ता में बनी रहती है तो अराजकता फैलना तय है। मैंने इसी बात की चेतावनी दी थी।