समतानगर पुलिस ने इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके गिरोह पर मकोका के तहत कार्रवाई की।
टिपू के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और नशीले पदार्थों की बिक्री समेत 17 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, मामले में मकोका की धाराएं भी जोड़ीं।
Samtanagar Police MCOCA Action: समतानगर पुलिस ने कुख्यात अपराधी इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके साथियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, टिपू समतानगर और कुरार पुलिस थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक संगठित आपराधिक गिरोह का सरगना है। इस गिरोह के खिलाफ हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट, धमकी, महिलाओं के खिलाफ अपराध और नशीले पदार्थों की बिक्री सहित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर स्थित महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपी इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके साथियों ने अनमोल डेयरिज के पास शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों को घेर लिया। आरोपियों ने धारदार चाकू दिखाकर धमकाया और पत्थरों व लकड़ी के बांस से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों पर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप है।
इस मामले में समतानगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37 और 135 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सरगना टिपू के खिलाफ समतानगर और कुरार पुलिस थानों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, घातक हथियारों का इस्तेमाल, नशीले पदार्थों की बिक्री और प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन जैसे अपराध शामिल हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। राज रवि शर्मा उर्फ कालू के खिलाफ सात, जितेश गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ दो, केतन पांडुरंग गमरे के खिलाफ दो और राधा गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज हैं। इस गिरोह में एक विधि संघर्षग्रस्त बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, टिपू ने अपना संगठित आपराधिक गिरोह बनाया था। गिरोह के सदस्यों की मदद से वह समतानगर और कुरार पुलिस थाना क्षेत्रों में अपना आपराधिक वर्चस्व कायम करने के लिए लोगों में दहशत फैलाता था।
इसी डर के कारण कई नागरिक उसके खिलाफ शिकायत करने से भी कतराते थे। गिरोह के माध्यम से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने का भी आरोप है।
पुलिस ने इस मामले में राज रवि शर्मा उर्फ कालू (27), जितेश गंगाप्रसाद राजपूत (49) और राधा गंगाप्रसाद राजपूत (41) को गिरफ्तार किया है। ये तीनों कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर स्थित सर्वोदय वाडी इलाके में रहते हैं।
मकोका के तहत मुख्य आरोपी टिपू और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1999 की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी गई हैं।
मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे कर रहे हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने और सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।