Eknath Shinde Welcomes Sachin Ahir: महाराष्ट्र की सियासत में 'ऑपरेशन टाइगर' का तूफान अभी थमा भी नहीं था कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे और विशेषकर आदित्य ठाकरे को अब तक का सबसे बड़ा और करारा झटका दे दिया है। आदित्य ठाकरे के बेहद कट्टर समर्थक, वर्ली विधानसभा क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले और पूर्व राज्य मंत्री सचिन अहीर ने अचानक पाला बदलते हुए एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया है।
बगावत के तुरंत बाद सचिन अहीर ने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में सीधे विधान परिषद के उपाध्यक्ष (Deputy Chairman of Legislative Council) पद के लिए अपना नामांकन आवेदन भी दाखिल कर दिया। उद्धव ठाकरे अभी विदर्भ और मराठवाड़ा के बागी सांसदों के क्षेत्रों का दौरा कर मुंबई लौटे ही थे कि उनके पहुंचने से पहले ही मुंबई में यह बड़ा सियासी खेला हो गया। इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर तीखे तंज कसे।
सचिन अहीर के पार्टी में आने और उपाध्यक्ष पद का पर्चा भरने के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का उत्साह देखने लायक था। उद्धव ठाकरे के दौरों पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "पिछले हफ्ते हमारी पार्टी में छह सांसदों ने छक्का मारा था, जिससे कुछ लोग बौखलाकर छह-छह निर्वाचन क्षेत्रों की खाक छान रहे हैं।
आज मुंबई लौटते ही सचिन अहीर ने भी हमारी तरफ से आकर एक और करारा छक्का जड़ दिया है। महाराष्ट्र की राजनीति के इस मैदान पर अभी चौके और छक्के बरस रहे हैं और आगे भी बरसते रहेंगे। विपक्ष का एक-एक करके विकेट गिरता रहेगा, क्योंकि क्रिकेट का असली मज़ा तो इसी में है।"
ये भी पढ़ें- मटन के साथ खाया दही, बुजुर्ग महिला की मौत और पति आईसीयू में भर्ती, नासिक के आखतवाडे गांव में मचा हड़कंप
इस बेहद गंभीर और हाई-प्रोफाइल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक ऐसा मजेदार वाकया भी सामने आया जिसने वहां मौजूद सभी नेताओं और पत्रकारों को हंसने पर मजबूर कर दिया। अपनी बात रखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जुबान अचानक फिसल गई और उन्होंने नवनिर्वाचित उम्मीदवार सचिन अहीर की जगह कह दिया, "हमारे विधायक सचिन तेंदुलकर..."।
जैसे ही उपमुख्यमंत्री के मुंह से क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का नाम निकला, बगल में बैठे मुख्यमंत्री समेत पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। एकनाथ शिंद ने भी मुस्कुराते हुए तुरंत अपनी गलती सुधारी और माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया।
सचिन अहीर का शिवसेना (यूबीटी) का साथ छोड़ना आदित्य ठाकरे के लिए वर्ली निर्वाचन क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। अहीर महाराष्ट्र की राजनीति का एक बेहद अनुभवी और जमीनी चेहरा हैं; वे विधानसभा के तीन बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में विधान परिषद के सदस्य हैं।
अघाड़ी सरकार के दौरान वे राज्य मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण सात विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा, मुंबई के मूल निवासी और कोलीवाड़ा के भूमिपुत्र होने के नाते वे स्थानीय समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं और मिल मजदूरों के एक बड़े नेता के रूप में उनकी पहचान है। अहीर को अपने पाले में लाकर शिंदे गुट ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों से पहले ठाकरे गुट की कमर तोड़ दी है।