रोहित शर्मा (सोर्स: IANS)
मुंबई

Rohit Sharma MI Story: लोगों को वानखेड़े में आकर हमसे खेलने से डर लगना चाहिए, 2013 में दहाड़े थे रोहित शर्मा

Rohit Sharma Mumbai Indians Captain: 2013 में रोहित शर्मा ने वानखेड़े को मुंबई इंडियंस का किला बनाने की बात कही थी। तीन साल बाद फिर कप्तानी मिलने पर उनका पुराना बयान चर्चा में है।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • 2013 में कप्तानी मिलने के बाद रोहित ने वानखेड़े को मुंबई इंडियंस का किला बनाने की बात कही थी।

  • उन्होंने कहा था कि विरोधी टीमों को मुंबई आकर खेलने से डर लगना चाहिए।

  • उसी साल रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पहली बार IPL खिताब जीता।

  • रोहित की कप्तानी में मुंबई ने कुल पांच IPL ट्रॉफियां जीतीं।

  • तीन सीजन बाद IPL 2027 के लिए रोहित को फिर मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया।

Rohit Sharma Wankhede Fortress Statement: कुछ बयान वक्त के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि सही मौके पर फिर याद किए जाते हैं। रोहित शर्मा का 2013 में दिया गया एक बयान भी ऐसा ही है। तब उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि विरोधी टीमों को मुंबई आकर वानखेड़े स्टेडियम में खेलने से डर लगना चाहिए। उनका सपना था कि वानखेड़े मुंबई इंडियंस का ऐसा किला बने, जिसे भेदना किसी भी टीम के लिए आसान न हो।

अब तीन साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलने के बाद रोहित की वही दहाड़ चर्चा में है।

जब 26 साल के रोहित ने भरी थी हुंकार

यह बात IPL 2013 की है। मुंबई इंडियंस ने सीजन के बीच में रिकी पोंटिंग की जगह रोहित शर्मा को कप्तानी सौंपी थी। 29 अप्रैल 2013 को वानखेड़े में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 39 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए। मुंबई ने यह मुकाबला सिर्फ चार रन से जीता था।

इस जीत के बाद जब उनसे वानखेड़े को टीम का मजबूत घरेलू मैदान बनाने के बारे में पूछा गया, तो रोहित ने कहा था, We want to make it our fortress. We want to make it our den and people should fear coming to Mumbai and playing.

यानी हम वानखेड़े को अपना किला बनाना चाहते हैं, अपना ऐसा ठिकाना जहां विरोधी टीमों को मुंबई आकर खेलने से डर लगे। रोहित ने यह भी कहा था कि घरेलू मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और टीम को अपने मैदान पर ज्यादा से ज्यादा जीत हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।

बयान के बाद मैदान पर भी दिखा दम

रोहित की यह दहाड़ महज शब्द बनकर नहीं रह गई। उसी 2013 सीजन में उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पहली बार IPL का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी टीम चैंपियन बनी। इस तरह रोहित ने मुंबई को पांच IPL ट्रॉफियां दिलाईं और टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तानों में अपनी जगह बनाई।

रोहित 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे। दिसंबर 2023 में फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंप दी थी। इसके बाद तीन सीजन तक रोहित ने टीम के लिए खिलाड़ी के तौर पर खेला। अब 27 नवंबर 2026 को मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया कि IPL 2027 में टीम की कमान फिर रोहित शर्मा के हाथों में होगी।

अब फिर वानखेड़े को किला बनाने की चुनौती

रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी ऐसे समय हुई है, जब मुंबई इंडियंस अपनी पुरानी सफलता और दबदबे को दोबारा हासिल करना चाहती है। फ्रेंचाइजी के लिए IPL का 20वां सीजन भी खास है। रोहित ने कप्तानी मिलने के बाद कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का बड़ा हिस्सा रही है और इस टीम का नेतृत्व करना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रही है। उन्होंने आगामी सीजन की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की बात भी कही।

अब सवाल सिर्फ कप्तानी का नहीं, बल्कि उस पुराने वादे को फिर से हकीकत में बदलने का है। 2013 में जिस रोहित ने विरोधियों को वानखेड़े में आने से डरने की चुनौती दी थी, आज उनके पास पांच खिताब जीतने का अनुभव है। तीन साल बाद कप्तानी में वापसी के साथ मुंबई के फैंस को उम्मीद होगी कि ‘कप्तान RO’ का वही पुराना आक्रामक अंदाज फिर देखने को मिले। क्या वानखेड़े एक बार फिर मुंबई इंडियंस का अभेद्य किला बनेगा? इसका जवाब IPL 2027 में मिलेगा।

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

Delimitation Bill: UP में 120, महाराष्ट्र में 72 सीटें! किस राज्य में कितनी होंगी लोकसभा सीटें? देखें लिस्ट

वड़ा पाव, मिसल पाव के दीवाने हैं रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस की ड्रेसिंग रूम में भी पहुंचता है स्ट्रीट फूड

Kal Ka Mausam: 28 नवंबर को बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं कोहरे का अलर्ट

Explainer: सिर्फ आरक्षण नहीं, सीटों और खर्च का भी बड़ा हिसाब; महिला आरक्षण कानून पर बहस के बीच असली आंकड़े