Ravindra Chavan Rebukes BJP Leader: महाराष्ट्र की राजनीति में तस्वीर विवाद के बाद अब जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने अपनी ही युवा इकाई के नेता कृष्णराज महाडिक को मनसे के खिलाफ प्रदर्शन करने पर फटकार लगाई है।
इससे राजनीतिक गलियारों में बीजेपी के मनसे से डरने की चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, इस विवाद में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी बीजेपी युवा मोर्चा पर तीखा तंज कसा है। दरअसल, पुणे के एक कॉलेज में छत्रपति शिवाजी महाराज के बगल में पीएम मोदी की तस्वीर लगी थी।
मनसे नेता अमित ठाकरे ने आपत्ति जताते हुए इसे हटवा दिया। इसके विरोध में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक ने मुंबई में राज ठाकरे के आवास 'शिवतीर्थ' के बाहर प्रदर्शन की योजना बनाई। मनसे कार्यकर्ताओं की अभेद्य किलेबंदी और पुलिस की मुस्तैदी के कारण महाडिक को माहिम से ही हिरासत में ले लिया गया।
इस प्रदर्शन के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने महाडिक की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने सार्वजनिक मंच से कहा कि किसी युवा (अमित ठाकरे) के कुछ बोलने और तस्वीर हटाने पर हमें प्रदर्शन नहीं करना चाहिए। चव्हाण ने स्पष्ट किया कि हमें युवाओं को शिक्षित करना है, गुंडा नहीं बनाना है।
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक के मनसे के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर तीखा तंज कसा। महाडिक को संबोधित करते हुए राउत ने कहा, 'बच्चा, तुम गलत पार्टी में हो।' उन्होंने कहा कि मुंबई की राजनीति में ठाकरे परिवार और शिवसेना का अब भी मजबूत प्रभाव है।
राउत ने आगे दावा किया कि 'यह मुंबई आज भी शिवसेना और ठाकरे की है।' उनके इस बयान के बाद तस्वीर विवाद को लेकर भाजपा, मनसे और ठाकरे गुट के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।
दूसरी तरफ, बीजेपी नेता अमित साटम ने अमित ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो अपना लिखा भाषण भूल जाता है, वह पीएम मोदी की तस्वीर हटा रहा है। साटम ने राज ठाकरे को चुनौती दी कि अगर उन्हें मराठी से इतना प्रेम है, तो हिम्मत दिखाकर अपने पोते का दाखिला बालमोहन विद्यामंदिर के मराठी स्कूल में कराएं।