6 राज्यों में फैला नीट प्रोटेस्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो सोर्स-AI) 
मुंबई

NEET की चिंगारी से पूरे से देश में भड़की आग, महाराष्ट्र, एमपी, यूपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा में प्रोटेस्ट

Nationwide NEET Protest: दिल्ली में जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के बाद यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, एमपी, राजस्थान और हरियाणा में नीट अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन हुआ तेज।

अनिल सिंह

All India NEET Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 'चलो संसद' मार्च निकाल रहे छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की गूंज अब पूरे देश में सुनाई देने लगी है।

राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की के विरोध में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और हरियाणा में भी छात्रों और युवाओं का आक्रोश भड़क उठा है। देश के विभिन्न राज्यों में जंतर-मंतर की तर्ज पर अनिश्चितकालीन धरने और प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

चंद्रशेखर आजाद देंगे समर्थन

उत्तर प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों और नीट अभ्यर्थियों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन तेज कर दिया है। लखनऊ में शुक्रवार (24 जुलाई) को अभ्यर्थियों ने शिक्षा राज्यमंत्री के आवास का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

भीम आर्मी प्रमुख और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की है कि वे शनिवार (25 जुलाई) को लखनऊ के इको गार्डन पहुंचकर अभ्यर्थियों के इस देशव्यापी आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देंगे। उधर हमीरपुर में भी ब्राह्मण एकता परिषद और छात्रों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

बिहार में पुलिस अलर्ट पर, नवादा में निकाला गया फ्लैग मार्च

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में बढ़ते छात्र असंतोष के बीच राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। नवादा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा का संदेश देने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। नवादा जिला प्रशासन और सदर एसडीओ लगातार स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं।

महाराष्ट्र, हरियाणा, एमपी और राजस्थान में भी उग्र हुआ विरोध

महाराष्ट्र में मुंबई के दादर के शिवाजी पार्क में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान रिया नाम की छात्रा द्वारा पुलिस वैन रोकने और प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने के वीडियो वायरल होने के बाद माहौल गरमा गया है।

हरियाणा के कैथल में छात्रों और किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरकर दिल्ली में छात्राओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ आवाज बुलंद की और मृत छात्रों के परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग की।

मध्य प्रदेश के बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में सुजल मेश्राम नामक युवक द्वारा 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों के साथ विरोध जताने और सुतली बम फोड़ने की घटना सामने आई, जिसके बाद युवक ने लिखित माफीनामा भी सौंपा।

राजस्थान में जयपुर के जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर गैर-राजनीतिक अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का आया बयान

देशभर में फैल रहे इन आंदोलनों पर RSS के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इन आंदोलनों के पीछे देश और दुनिया की ऐसी ताकतें सक्रिय हैं जो भारत को विकसित, शिक्षित और समर्थ बनने से रोकना चाहती हैं। दूसरी तरफ, छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं आती और जिम्मेदार मंत्री इस्तीफा नहीं देते, उनका गैर-राजनीतिक संघर्ष जारी रहेगा।

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, मदद के लिए सबसे पहले आगे आया भारत; 10 टन राहत सामग्री भेजी, देखें लिस्ट

चीन में अजित डोभाल का बड़ा दांव, भारत-चीन सीमा वार्ता में 8 मुद्दों पर बनी बात, LAC पर शांति के लिए बड़ा कदम

मणिपुर दहलाने की साजिश नाकाम, 13 उग्रवादी गिरफ्तार, रॉकेट-ग्रेनेड से लैंडमाइन तक बड़े हथियार बरामद

तिब्बत में बाढ़ से तबाही, सद्गुरु के कैलाश यात्रा ग्रुप के लोग फंसे; 77 इमिग्रेशन सेंटर पर, देखें VIDEO

Explainer: नेपाल में अचानक क्यों आई भारी तबाही, क्या है वो असली वजह; जिसने तबाह की सैकड़ों जिंदगियां