NEET Paper Leak Protest Abhijit Deepke: नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन समाप्त हो चुका है, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अब विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने प्रदर्शन के दौरान अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले कुछ युवाओं को "गुमराह" बताते हुए उन्हें माफ करने की बात कही थी। दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूछा कि क्या यह माफी केवल बयान तक सीमित रहेगी या प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को भी वापस लिया जाएगा।
दीपके ने अपने बयान में उस मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोप में नोएडा के एक 15 वर्षीय छात्र पर मामला दर्ज किया है। उन्होंने इसी संदर्भ में सरकार से कानूनी कार्रवाई पर भी स्पष्ट रुख बताने की मांग की।
यह भी पढ़ें:- कल्याण रेलवे स्टेशन के बाहर तृतीयपंथियों के दो गुटों में मारपीट, वायरल वीडियो से सुरक्षा पर सवाल
अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी करते हुए सवाल किया कि यदि युवाओं को माफ करने की बात कही गई है, तो क्या उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने पर भी विचार किया जाएगा। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है।
नीट पेपर लीक और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल लगातार अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब इस मामले में सरकार और संबंधित एजेंसियों की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।