NCP Conflict Over Sunil Tatkare Devendra Fadnavis Secret Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में अचानक एक नया मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर मंगलवार रात हुई एक हाई-वोल्टेज और बेहद गोपनीय बैठक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर अंदरूनी नाराजगी और घमासान की खबरें सामने आ रही हैं।
मंगलवार रात को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एनसीपी नेता प्रफुल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटिल के बीच एक गुप्त बैठक हुई थी। हैरानी की बात यह रही कि इस अहम बैठक की जानकारी एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा सांसद पार्थ पवार को नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर हुई पार्टी की आंतरिक बैठक में नेताओं के बीच तीखी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
इसी बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के ‘देवगिरी’ आवास पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। इसमें सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार, वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, अनिल पाटिल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में सुनेत्रा पवार ने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे से वर्षा बंगले पर हुई बैठक को लेकर सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि बैठक में आखिर क्या चर्चा हुई और पार्टी को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई।
इस पर सुनील तटकरे ने सफाई देते हुए कहा कि आगामी मानसून सत्र में पेश किए जाने वाले मतदाता क्षेत्र पुनर्गठन विधेयक को लेकर शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) से समर्थन मिलने की संभावना है। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस ने बैठक बुलाई थी, ताकि इसका गलत राजनीतिक अर्थ न निकाला जाए।
यह भी पढ़ें:- मानसून सत्र से पहले विपक्षी एकता तार-तार! परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन में रार, क्या अकेले पड़ जाएगी कांग्रेस?
सुनील तटकरे के स्पष्टीकरण के बाद सुनेत्रा पवार ने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री के माध्यम से ऐसा संदेश देना था, तो पार्टी अध्यक्ष होने के नाते उन्हें पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। मंगलवार रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर जयंत पाटिल, प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ ही संसद के मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।