नरीमन प्वाइंट-कफ परेड कोस्टल परियोजना सांकेतिक फोटो (सोर्स सोशल मीडिया)  
मुंबई

588 करोड़ की कोस्टल कनेक्टर परियोजना को हरी झंडी, नरीमन प्वाइंट से कफ परेड का सफर होगा आसान

Nariman Point Cuffe Parade Coastal Connector: 588 करोड़ के नरीमन प्वाइंट-कफ परेड कोस्टल कनेक्टर को MCZMA से मंजूरी मिली। अब 1.86 किमी लंबे इस पुल से दक्षिण मुंबई में मिनटों में तय होगा सफर।

रूपम सिंह

Nariman Point Cuffe Parade Coastal Connector MCZMA Approval: दक्षिण मुंबई की ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने वाली 588.36 करोड़ रुपए की नरीमन प्वाइंट-कफ परेड कोस्टल कनेक्टर परियोजना को महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण की मंजूरी मिल गई है। अब प्रस्ताव अंतिम सीआरजेड मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेज दिया गया है।

मंजूरी मिलते ही समुद्र के किनारे बनने वाला 1.869 किलोमीटर लंबा कनेक्टर नरीमन प्वाइंट और कफ परेड के बीच सफर को मिनटों में समेट देगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव घटेगा और मुंबई कोस्टल रोड से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार हाल ही में हुई एमसीजेडएमए की बैठक में परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई। इसके बाद प्रस्ताव को अंतिम पर्यावरणीय मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य दक्षिण मुंबई के दो प्रमुख व्यावसायिक केंद्र नरीमन प्वाइंट और कफ परेड के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है, जो भौगोलिक रूप से बेहद करीब होने के बावजूद वर्तमान में केवल

भीड़भाड़ वाले सड़क नेटवर्क के जरिए जुड़े हैं। परियोजना के तहत 1.869 किलोमीटर लंबा कोस्टल कनेक्टर बनाया जाएगा, जिसमें 418 मीटर लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर भी शामिल होगा। इसके साथ ही दोराबजी टाटा रोड के एक हिस्से का सुधार किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए राज्य सरकार लगभग 1,765.52 वर्ग मीटर भूमि का अधिग्रहण करेगी।

मछुआरों की आपत्ति के बाद बदला डिजाइन

  • शुरुआत में परियोजना को समुद्र के भीतर से गुजरने वाले पुल के रूप में प्रस्तावित किया गया था, लेकिन मछुआरा समुदाय की आपत्तियों के बाद एमएमआरडीए ने इसका डिजाइन और मार्ग बदल दिया।
  • संशोधित योजना के तहत कनेक्टर अब तटरेखा के समानांतर बनेगा और पारंपरिक मछली पकड़ने वाले क्षेत्रों को बाईपास करेगा।
  • यह मार्ग मच्छीमार नगर, मनोरा विधायक छात्रावास और एनसीपीए के दक्षिणी छोर से होकर मरीन ड्राइव से जुड़ेगा।

जाम से राहत, सफर होगा आसान

परियोजना पूरी होने पर नरीमन प्वाइंट और कफ परेड के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे दक्षिण मुंबई की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा, मुंबई कोस्टल रोड से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और हजारों यात्रियों का सफर तेज व सुगम होगा।

फिलहाल प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास अंतिम सीआरजेड मंजूरी के लिए लंबित है। मंजूरी मिलते ही निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और यह परियोजना मुंबई के तटीय सड़क नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी बन जाएगी।

1 किलोमीटर की दूरी, 5 किमी का चक्कर

वर्तमान में नरीमन प्वाइंट और कफ परेड के बीच सीधी दूरी लगभग एक किलोमीटर है, लेकिन वाहन चालकों को कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग, मैडम कामा रोड, मंत्रालय, फोर्ट और मनोरा विधायक छात्रावास क्षेत्र से होकर करीब पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। व्यस्त समय में इस दूरी को तय करने में 30 से 35 मिनट तक का समय लग जाता है और औसत यातायात गति लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहती है।

त्योहारों के रंग में रंगा देश, PM मोदी और अन्य नेताओं ने दी ओणम और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की बधाई

यह इस्लाम पर हमला...हिजाब के खिलाफ हाईकोर्ट के फैसले पर बिफरे ओवैसी, कहा- आप कौन हैं नियम तय करने वाले

Bank Holiday Today: आज इन राज्यों में बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले जरूर देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

2008 दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी साकिब निसार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत याचिका हुई खारिज

Weather Update: दिल्ली से बिहार तक मौसम बिगड़ेगा, IMD ने जारी किया भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का बड़ा अलर्ट