Sekhon Indian Air Force Marathon In Mumbai: भारतीय वायुसेना के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की स्मृति में रविवार को मुंबई में सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन 2026 का भव्य आयोजन किया गया।
इसमें न केवल जोश और फिटनेस का संगम नजर आया, बल्कि उमस भरे मौसम के बावजूद लगभग 10 हजार मुंबईकर पूरे उत्साह के साथ दौड़े।
मुंबई शहर के अलावा देश के सात अन्य शहरों में भी सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन 2026 का आयोजन किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य 1971 के भारत-पाक युद्ध में श्रीनगर की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों के अदम्य शौर्य और देशभक्ति से नई पीढ़ी को परिचित कराना है।
आयोजन के जरिए युवाओं को सेखों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही मैराथन ने लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन केंद्र सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट को भी मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
वायुसेना के मेंटेनेंस कमांड मुख्यालय की ओर से आयोजित इस मैराथन में नागरिकों, फिटनेस प्रेमियों, सैन्य कर्मियों, पूर्व सैनिकों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने फिटनेस और देशभक्ति का संदेश दिया।
आयोजन का खास आकर्षण बुजुर्ग प्रतिभागियों की मौजूदगी रही। इनमें वायु सेना के वयोवृद्ध अधिकारी और सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन भबानी शंकर दाश ने भी हिस्सा लेकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
उनकी भागीदारी ने युवाओं को फिटनेस के साथ अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित किया। मेंटेनेंस कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर एएफएफडब्ल्यूए (क्षेत्रीय) की अध्यक्ष श्रीवल्ली और पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, वाइस एडमिरल संजय वात्सायन सहित सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सम्मानित अतिथि भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे रहे, जिन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पदक और पुरस्कार प्रदान किए। इस आयोजन ने वायु सेना और आम जनता के आपसी विश्वास को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।