Indian Railways Connectivity: मुंबई, देश के प्रमुख तीर्थस्थान माने जाने वाले यूपी के काशी,प्रयाग एवं अयोध्या से महाराष्ट्र के ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख शहरों मुंबई, पुणे को जोड़ने दो नई ट्रेनों चलाने की तैयारी पूरी हो गई है।
यूपी के बनारस और अयोध्या से चलने वाली दो अमृत भारत ट्रेनों को काशी से पीएम मोदी 28 अप्रैल को हरी झंड़ी दिखाने वाले हैं। रेलवे बोर्ड के अनुसार इन ट्रेनों को चलाने की तैयारी हो गई है। इनमें एक ट्रेन बनारस से पुणे के हडपसर के बीच चलेगी। दूसरी अमृत भारत भगवान राम की नगरी अयोध्या से मुंबई के बीच चलेगी। बनारस से चलने वाली अमृत भारत संगम नगरी प्रयाग को भी मुंबई से जोड़ेगी।
बनारस से चलने वाली ट्रेन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बनारस-पुणे-बनारस के बीच संचालित ट्रेन का नंबर 22589/22590 होगा। यह 22 कोचों वाली अमृत भारत एक्सप्रेस बनारस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन शाम सवा छह बजे रवाना होगी और 30 घंटे बाद, यानी तीसरे दिन रात 12:10 बजे हडपसर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, यह ट्रेन दिन में 2.30 बजे हडपसर से चलकर तीसरे दिन सुबह 7:50 बजे बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इस ट्रेन के यात्रियों के लिए 20 स्टॉपेज होगा। बनारस, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, ओराई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, ईटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, रोपर गांव, अहिल्याबाई नगर, डाउंड कोर्ड लाइन और हडपसर रेलवे स्टेशन (पुणे) पहुंचेगी।
ये भी पढ़े: होटल में पनीर की जगह ‘एनालॉग’ के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई, मेनू कार्ड पर जानकारी देना अनिवार्य
वहीं दूसरी ट्रेन अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई है। दोनों ही ट्रेनें महाराष्ट्र को जोड़ेंगी। अयोध्या से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के बीच साप्ताहिक रूप से संचालित होगी। ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे के रास्ते मुंबई पहुंचेगी।
प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन 10 मिनट का स्टॉपेज होगा। इसकी समय सारिणी एक-दो दिन में जारी हो जाएगी। इन दोनों अमृत भारत के शुरू होने की वजह से महाराष्ट्र से यूपी के तीर्थस्थलों की किफायती यात्रा करने वालों को लाभ होगा। अमृत भारत ट्रेनों में किफायती दामों में यात्रियों को अच्छी सुविधा प्रदान करने का उद्देश्य रेल मंत्रालय का है।