Mumbai Port Trust Land Dispute Court Verdict: अगर फैसला हमारे खिलाफ आया तो क्या होगा ? कोलावा से लेकर शिवड़ी, रे रोड, मझगांव, दारुखाना और वडाला तक फैले मुंबई पोर्ट ट्रस्ट (एमबीपीटी) के विशाल भूभाग पर रहने और कारोबार करने वाले लाखों लोग इस समय गहरी चिंता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं।
मामला अदालत में अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मुंबई पोर्ट प्राधिकरण और उपयोगकर्ताओं के बीच चल रहे लंबे कानूनी संघर्ष में दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें पूरी कर चुके हैं।
अदालत में सुनवाई समाप्त हो चुकी है और अब सभी की नजरें उस फैसले पर टिकी हैं, जो कोर्ट की छुट्टियों के बाद कभी भी आ सकता है। यह सिर्फ एक कानूनी विवाद नहीं है। यह लाखों लोगों भूमि की जिंदगी, रोजगार, कारोबार और उनके भविष्य से जुड़ा प्रश्न बन चुका है।
इस पूरे क्षेत्र में इस समय एक अजीब-सी बेचैनी पसरी हुई है। छोटे व्यापारी हों, गोदाम संचालक, आयरन-स्टील कारोबारी, मजदूर, ट्रांसपोर्ट से जुड़े हर कोई एक अनिश्चित भविष्य को लेकर चिंतित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई परिवार पीढ़ियों से यहां रह रहे है।
लोगों का मानना था कि लीज समाप्त होने पर उसका नवीनीकरण उचित शर्ती पर किया जाएगा, जैसा कि सरकारी भूमि व्यवस्था में होता आया है, लेकिन समय के साथ विवाद बढ़ता गया और अब स्थिति अदालत तक पहुंच चुकी है।
विवाद का सबसे बड़ा केंद्र रेट्रोस्पेक्टिव रेट्स यानी पूर्व प्रभाव से लागू किए गए भारी किराए व शुल्क है। भूमि उपयोगकर्ताओं का आरोप है कि मुंबई पोर्ट प्रशासन द्वारा लागू किए गए ये शुल्क इतने अधिक है कि सामान्य व्यापारी या निवासी उनका वहन नहीं कर सकते।