नवरात्रि पर मुंबई मेट्रो की देर रात तक अतिरिक्त सेवाएं।
16 से 20 अक्टूबर तक रात 12:30 बजे तक चलेंगी ट्रेनें।
मेट्रो लाइन 2A, 2B, 7 और 9 पर अतिरिक्त फेरे, यात्रियों को राहत।
Navratri Special Metro Services: नवरात्रि के दौरान गरबा उत्सव में शामिल होने वाले लोगों और देर रात सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए महा मुंबई मेट्रो ने विशेष व्यवस्था की है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के तहत संचालित मेट्रो की चुनिंदा लाइनों पर 16 से 20 अक्टूबर तक देर रात अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से गरबा खेलने के बाद घर लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
महा मुंबई मेट्रो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के इन पांच दिनों में मेट्रो लाइन 2ए, 2बी, 7 और 9 पर रात 12:30 बजे तक ट्रेनें चलेंगी।
इससे देर रात तक चलने वाले गरबा कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले लोगों को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि सफर से पहले संबंधित लाइन की समय-सारिणी की पुष्टि कर लें।
त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मेट्रो प्रशासन ने अलग-अलग लाइनों पर अतिरिक्त फेरे संचालित करने की योजना बनाई है। इसके तहत लाइन 2ए पर 10 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। वहीं, लाइन 7 और लाइन 9 पर संयुक्त रूप से 14 अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लाइन 2बी पर भी 15 अतिरिक्त फेरे चलाने की तैयारी है।
यात्रियों की सुविधा और भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए विशेष अवधि में प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है। इससे नवरात्रि के दौरान मेट्रो में यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सकती है।
नवरात्रि में मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में गरबा तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण देर रात तक आवाजाही बढ़ जाती है।
ऐसे में मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और यात्रियों को सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय संबंधित मेट्रो लाइन की आधिकारिक समय-सारिणी और अंतिम ट्रेन के समय की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।