Mumbai Local Train GPS Signal Alert: मुंबई की भागती-दौड़ती जिंदगी को रफ्तार देने वाली लोकल ट्रेनें अब और ज्यादा सुरक्षित होने जा रही हैं। दुनिया के सबसे व्यस्त उपनगरीय रेल नेटवर्क में शामिल मुंबई लोकल में मध्य रेलवे ने हाईटेक सुरक्षा तकनीक सिग्नल लोकेशन अनाउंसमेंट सिस्टम को अपग्रेड करने का बड़ा अभियान शुरू किया है।
यह अत्याधुनिक जीपीएस आधारित प्रणाली अब मोटरमैन के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक को-पायलट की तरह काम करेगी, जो हर हर सिग्नल से 250 मीटर पहले आवाज देकर उसे सतर्क करेगी, ताकि किसी भी हालत में सिग्नल मिस न हो।
बता दें कि प्रतिदिन 2300 से ज्यादा लोकल ट्रेनों का संचालन करने वाले मुंबई नेटवर्क में सिग्नलों के बीच की दूरी कई जगह 400 से 500 मीटर है। इसके साथ ही अनेक सिग्नल दाहिनी, अत्यधिक दाहिनी, बाईं और अत्यधिक बाई दिशा में लगे होते हैं। लगातार दबाव और सेकंड सेकंड की जिम्मेदारी के बीच मोटरमैन अकेले पूरे रूट का संचालन करते हैं, ऐसे में छोटी सी चूक भी बड़े खतरे में बदल सकती है।
इसी चुनौती को देखते हुए मध्य रेलवे ने सिग्नल लोकेशन अनाउंसमेंट सिस्टम को नई तकनीक से लैस किया है। अब जैसे ही ट्रेन किसी सिग्नल के करीब पहुंचेगी, सिस्टम 350 मीटर और फिर 250 मीटर पहले सिग्नल नंबर और उसकी दिशा की स्पष्ट ऑडियो घोषणा करेगा।
साथ ही यदि ट्रेन येलो सिग्नल पार करती है, तो सिस्टम लगातार चेतावनी देगा कि सावधान अगला सिग्नल रेड है। यह अलर्ट तब तक जारी रहेगा, जब तक अगला ग्रीन या डबल येलो सिग्नल नहीं आ जाता। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह फीचर मोटरमैन की एकाग्रता और प्रतिक्रिया क्षमता को कई गुना बेहतर बनाएगा।