मध्य रेलवे पर रोजाना 1,840 लोकल ट्रेनें संचालित होती हैं।
इनमें फिलहाल 54 ट्रेनें 15 डिब्बों वाली हैं।
बाकी 1,786 लोकल ट्रेनें 12 डिब्बों वाली हैं।
कसारा रूट पर 18 लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों में बदलने की योजना है।
Mumbai Local Train Coach Services Expansion: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को भीड़ से राहत दिलाने के लिए मध्य रेलवे 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
इसके तहत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) सहित कई स्टेशनों के प्लेटफॉर्म को बढ़ाने का काम भी किया गया है। सीएसएमटी पर प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 की लंबाई बढ़ाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
कसारा रूट पर भी 18 और लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों के साथ चलाने की योजना बनाई गई है। हालांकि, प्लेटफॉर्म विस्तार, सिग्नलिंग व्यवस्था और परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण रेलवे को तकनीकी अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। मध्य रेलवे ने कसारा रूट पर चलने वाली 18 मौजूदा 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों वाली लोकल में बदलने की योजना बनाई है।
इसके लिए टिटवाला स्टेशन के प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए विशेष ट्रैफिक ब्लॉक भी लिया जा रहा है। इसी तरह कल्याण से कर्जत रूट के बदलापुर और अन्य स्टेशनों के प्लेटफॉर्म विस्तार का काम हो रहा है।
फिलहाल CSMT स्टेशन पर केवल प्लेटफॉर्म नंबर 7 से ही 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 की लंबाई बढ़ने के बाद इन प्लेटफॉर्म से भी 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों का परिचालन संभव हो सकेगा। इससे सीएसएमटी से लंबी लोकल ट्रेनें चलाने की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनों से रोजाना 45 लाख लोग सफर करते हैं। पीक आवर में 12 डिब्बों की लोकल में भारी भीड़ होती है। यदि 12 के स्थान पर 15 डिब्बे की लोकल संख्या बढ़ाई जाती है,तो बिना अतिरिक्त फेरी से यात्रियों की क्षमता 25% तक बढ़ जाएगी। खास बात यह है कि इसके लिए प्रतिदिन लोकल ट्रेनों के कुल फेरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं होगी।
मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, मध्य रेलवे पर प्रतिदिन कुल 1,840 लोकल ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें 54 ट्रेनें 15 डिब्बों वाली और 1,786 ट्रेनें 12 डिब्बों वाली हैं। रेलवे का लक्ष्य प्लेटफॉर्म विस्तार और तकनीकी सुधार के जरिए 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाओं का दायरा बढ़ाना है। हालांकि, यात्रियों को इसका लाभ तभी मिल सकेगा, जब सिग्नलिंग व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की लंबाई और टाइमटेबल के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो जाएगा।