Mumbai Goa Highway Traffic Management Safety: गणेशोत्सव के दौरान गणेश भक्तों और आम नागरिकों की सुगम व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने मुंबई-गोवा राजमार्ग पर यातायात को सुचारू रखने और ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मंत्री भोसले ने महाड में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री भोसले ने नागोठणे फ्लाईओवर से छोटे वाहनों का परिचालन सुचारू रखने के आदेश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानगांव और इंदापुर बायपास का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
शिवेंद्रराजे भोसले ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मुंबई-गोवा राजमार्ग पर जगह-जगह सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, बिजली, प्राथमिक चिकित्सा और मोबाइल शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
त्योहार के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन को वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही राजमार्ग से जुड़ी आंतरिक सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई समय रहते पूरी करने को कहा गया है।
मंत्री ने अधिकारियों से यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गणेश भक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
बैठक में रायगढ़ के पालक मंत्री भरतशेठ गोगावले और महिला व बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने गणेशोत्सव के दौरान बेहतर प्रशासनिक समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सभी संबंधित विभागों के बीच लगातार तालमेल रखने और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी न रहने देने को कहा।
अधिकारियों को गणेशोत्सव के 10 दिनों के दौरान रोजाना राजमार्ग और प्रमुख मार्गों पर यातायात की स्थिति की निगरानी करने तथा इसकी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्थान पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। बैठक में जिलाधिकारी किशन जावले, पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल सहित विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।