बिल्डिंग में लगी आग (फोटो नवभारत)
मुंबई

मुंबई में दिवाली के दो दिन पड़े भारी, 89 जगह लगी आग; अंधेरी में लिफ्ट बनी सिक्योरिटी गार्ड की मौत की वजह

Diwali Fire Incidents In Mumbai: दिवाली के दो दिनों में मुंबई में आग की 89 घटनाएं हुईं, जिनमें 28 पटाखों से जुड़ी थीं। अंधेरी की बिल्डिंग में धुएं के बीच लिफ्ट में फंसे सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आलोक उमाकृष्ण

Highlights

  • अंधेरी पश्चिम की रनवाल एलिगेंट इमारत के 17वें माले पर आग लगी।

  • मृतक सिक्योरिटी गार्ड की पहचान 56 वर्षीय धनपत महातु के रूप में हुई।

  • कांदिवली रिक्रिएशन क्लब के गार्डन परिसर में भी आग लगी।

  • दादर के कामगार स्टेडियम में लकड़ी और बांस के सामान में आग लगी।

  • दमकलकर्मियों ने दादर की आग पर करीब 15 मिनट में काबू पाया।

  • अंधेरी में आग बुझाने के दौरान रात करीब 10:37 बजे तक स्थिति नियंत्रित कर ली गई।

Diwali Fire Incidents In Mumbai: दिवाली के दो दिनों में मुंबई में आग की 89 घटनाएं हुईं, जिनमें 28 पटाखों से जुड़ी थीं। अंधेरी की बिल्डिंग में धुएं के बीच लिफ्ट में फंसे सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई।रोशनी और खुशियों के त्योहार दिवाली के दौरान मुंबई में आग की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। शहर में महज दो दिनों के भीतर आग लगने की 89 घटनाएं सामने आईं।

इनमें 28 घटनाएं पटाखों के कारण हुईं, जबकि चार लोगों के घायल होने की जानकारी है। सबसे दर्दनाक हादसा अंधेरी पश्चिम में हुआ, जहां एक रिहायशी इमारत में आग के दौरान धुएं के बीच लिफ्ट में फंसे 56 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई। इसके अलावा कांदिवली, मुलुंड और विद्याविहार में भी आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की चिंता बढ़ाई।

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9.50 बजे अंधेरी पश्चिम में इनफिनिटी मॉल के पास स्थित रनवाल एलिगेंट नामक ऊंची इमारत के 17वें माले पर एक फ्लैट में आग लगी। आग की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग फ्लैट के भीतर बिजली की वायरिंग, उपकरणों और घरेलू सामान तक फैल गई थी। आशंका जताई जा रही है कि घर के मंदिर में जल रहे दीये से आग की शुरुआत हुई होगी। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस घटना के दौरान 56 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड धनपत महातु लिफ्ट में फंस गए। बताया जा रहा है कि इमारत में धुआं फैलने के बीच वह लिफ्ट में चले गए थे। इसी दौरान लिफ्ट बंद हो गई। उन्हें बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय फ्लैट में रहने वाला परिवार बाहर था। घरेलू सहायिका की मदद से बुजुर्ग माता-पिता को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकलकर्मियों ने रात करीब 10.37 बजे आग पर काबू पा लिया।

रविवार को भी आग की घटनाओं का सिलसिला जारी रहा। कांदिवली पश्चिम स्थित कांदिवली रिक्रिएशन क्लब के गार्डन परिसर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मुलुंड पश्चिम के एनएस रोड स्थित विकास सेंटर में आग की सूचना मिली। विद्याविहार स्टेशन के पास एक व्यावसायिक इमारत में भी आग लगने की जानकारी सामने आई। इन घटनाओं में नुकसान और आग के कारणों का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है।

इसके अलावा दादर पश्चिम के कामगार स्टेडियम परिसर में लकड़ी और बांस के सामान में आग लगी, जिस पर दमकलकर्मियों ने करीब 15 मिनट में काबू पा लिया। यहां किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

लगातार सामने आ रही घटनाएं बताती हैं कि त्योहार के दौरान दीये, बिजली की सजावट और पटाखों के इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। खासकर ऊंची इमारतों में आग लगने पर लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करना चाहिए।

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में

देश के कई राज्यों में आगजनी का तांडव: दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम और पटना तक मचा हड़कंप