Mumbai Airport Flight Status: मुंबई से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आज एक बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट गुरुवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कुल 6 घंटे के लिए बंद रहेगा। इस दौरान न कोई फ्लाइट उड़ान भरेगी और न ही कोई विमान लैंड करेगा। मानसून से पहले रनवे की मरम्मत के अलावा अन्य सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 7 मई को सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक रनवे संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान हवाई अड्डे के दोनों रनवे प्राथमिक रनवे (09/27) और सेकेंडरी रनवे (14/32) अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। यह 6 घंटे का समय रनवे की मरम्मत, जल निकासी प्रणालियों की जांच और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए तय किया गया है ताकि बारिश के दौरान विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ सुरक्षित रहे।
मुंबई एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार सभी एयरलाइंस कंपनियों के अलावा संबंधित पक्षों को इसकी सूचना करीब 6 महीने पहले ही दे दी गई थी। ताकि विमानों के शेड्यूल को इसके अनुसार तैयार किया जा सके। इसके बावजूद यात्रियों से निवेदन किया गया है कि वे अपनी यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें। ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़ें।
हर साल मानसून से पहले यात्रियों की सुरक्षा के लिए मेंटेनेंस का काम किया जाता है। इसके तहत एयरपोर्ट के दोनों रनवे 09/27 और 14/32 पर विशेष टीम द्वारा काम किया जाएगा, मानसून के दौरान भारी बारिश की वजह से कई बार रनवे की सतह पर फिसलन या जलभराव का खतरा बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए रनवे की सतह की जांच, दरारों की मरम्मत के अलावा अन्य जरुरी काम किए जाएंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यह सालाना प्रक्रिया रनवे की मजबूती और विमानों की लैंडिंग को सुरक्षित बनाने के लिए अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें:- ST बस यात्रियों के लिए राहत की खबर! स्मार्ट कार्ड के लिए वसूले ज्यादा पैसे तो एजेंटों के लाइसेंस होंगे रद्द
मुंबई की भारी बारिश हवाई जहाजों के संचालन के लिए बड़ी चुनौती होती है। रनवे पर पानी जमा होना या फिसलन की स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वार्षिक रखरखाव के दौरान रनवे की सतह, लाइटों की मरम्मत और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई की जाती है, ताकि भारी वर्षा के दौरान भी अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखा जा सके। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे 7 मई को अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें।